स्टंटबाजों पर नकेल कसने पुलिस का ऐलान, नहीं बख्शे जाएंगे लापरवाह चालक

Bilaspur. बिलासपुर। सिविल लाइन थाना पुलिस ने सड़क पर खतरनाक तरीके से बाइक चलाकर स्टंट करने वाले युवक पर बड़ी कार्रवाई की है। शनिवार को पुलिस की पेट्रोलिंग टीम ने मिनीबस्ती क्षेत्र में एक युवक को बिना नंबर की पल्सर बाइक पर स्टंट करते हुए पकड़ा। आरोपी की पहचान आशीष सोनवानी (21 वर्ष), निवासी ओमनगर जरहाभाठा, के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, युवक लगातार तेज रफ्तार और खतरनाक स्टंट कर आसपास के लोगों की जान को खतरे में डाल रहा था। गश्त कर रही पुलिस टीम ने तुरंत उसे रोका और बाइक को कब्जे में लिया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी बिना नंबर प्लेट वाली बाइक चला रहा था।
सिविल लाइन थाना पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ धारा 281 बीएनएस तथा मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 184 और 189 के तहत प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस ने बाइक को जब्त करते हुए आरोपी को न्यायालय में पेश किया। थाना प्रभारी ने बताया कि सड़क पर खतरनाक तरीके से वाहन चलाने और स्टंट करने वालों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इस तरह की हरकतें आम नागरिकों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा हैं। त्योहारों के दौरान यातायात व्यवस्था पर विशेष निगरानी रखी जा रही है ताकि किसी भी तरह की दुर्घटना या अप्रिय स्थिति को टाला जा सके। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इस तरह के खतरनाक करतब करने वाले युवकों को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। लगातार कार्रवाई कर ऐसे तत्वों पर शिकंजा कसा जाएगा। आम जनता से भी अपील की गई है कि वे सड़क पर स्टंट करने वालों की जानकारी पुलिस को दें, ताकि समय रहते उन पर कार्रवाई की जा सके और दुर्घटनाओं को रोका जा सके।

Source link

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button