#Social

होली पर दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की सख्त कार्रवाई, 4,929 लोगों के काटे चालान


नई दिल्ली: दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने बुधवार को होली पर पूरे शहर में जगह-जगह स्पेशल चेकिंग ड्राइव चलाकर ट्रैफिक को सुरक्षित और आसान बनाने की कोशिश की। इस दौरान ड्राइविंग के नियमों को सख्ती से लागू किया गया और शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की।
इस दौरान कुल 4,929 चालान जारी किए गए, जिनमें 1,204 चालान शराब पीकर गाड़ी चलाने वालों के लिए थे। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने प्रमुख सड़कों और चौराहों पर बैरिकेड लगाकर गाड़ियों को रोका और चालकों का ब्रेथ एनालाइजर से टेस्ट किया। इस दौरान ट्रैफिक नियमों को तोड़ने और नशे में गाड़ी चलाने वाले लोगों के चालान काटे गए। इसका मकसद होली के दौरान शराब पीकर गाड़ी चलाने वाले लोगों को पकड़ना और किसी तरह का हादसा न होने देना था।
एडिशनल सीपी दिनेश गुप्ता ने बताया कि होली के लिए खास प्लानिंग की गई थी। शहर के तमाम इंटरसेक्शन पर जॉइंट चेकिंग टीम्स तैनात की गईं, जिनमें लोकल पुलिस और अन्य विभाग भी शामिल थे। इस योजना के तहत पुलिस ने करीब 1,204 चालान नशे में ड्राइव करने वालों पर जारी किए। इसके अलावा बाकी 3,725 चालान ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वाले अन्य चालकों के लिए थे। कुल मिलाकर 4,929 चालान जारी किए गए।
गुप्ता ने कहा कि इस अभियान के दौरान कोई बड़ा हादसा या गंभीर दुर्घटना नहीं हुई। पुलिस की कड़ी निगरानी और चेकिंग ड्राइव की वजह से लोग सुरक्षित ढंग से होली मना सके। उन्होंने यह भी कहा कि लोगों को जागरूक करना भी जरूरी है ताकि त्योहार के दौरान सभी नियमों का पालन करें और खुद की और दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित करें।
पुलिस की सतर्कता और विशेष अभियान की वजह से दिल्ली में होली का त्यौहार सुरक्षित और सुचारू रूप से संपन्न हुआ। शहर में ड्राइविंग और शराब के नियमों पर सख्ती रखने से यातायात नियंत्रित रहा और कोई बड़े हादसे नहीं हुए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button