72 साल की महिला चोर गिरफ्तार, 1.85 लाख और 2,600 अमेरिकी डॉलर बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली के सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट में पहाड़गंज थाना क्षेत्र की संगतराशन पुलिस चौकी की टीम ने 72 वर्षीय महिला को गिरफ्तार किया है। महिला के पास से चोरी की गई 1,85,500 रुपये की भारतीय मुद्रा और 2,600 अमेरिकी डॉलर बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, महिला की पहचान सविता गांधी उर्फ सरोज गांधी (72), निवासी उत्तम नगर, नई दिल्ली के रूप में हुई है। उसके खिलाफ पहले से 14 आपराधिक मामले दर्ज बताए जा रहे हैं। पुलिस चोरी हुए मोबाइल फोन, पासपोर्ट और वीजा दस्तावेज बरामद करने का प्रयास कर रही है।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि 21 अक्टूबर को एक विदेशी महिला ने ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई थी कि पहाड़गंज इलाके में एक दुकान से उसका बैग चोरी हो गया है। बैग में पासपोर्ट, वीजा दस्तावेज, 2,600 अमेरिकी डॉलर, 2.50 लाख रुपये की भारतीय मुद्रा, तीन क्रेडिट कार्ड और एक सैमसंग मोबाइल फोन रखा था। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

मामले की जांच के लिए संगतराशन पुलिस चौकी के प्रभारी एसआई एसएन ओझा के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम में एसआई साहिल, महिला एसआई खैको असुने, हेड कांस्टेबल भागीरथ, हेड कांस्टेबल निरंजन, महिला कांस्टेबल मोहिनी भारती और कांस्टेबल ललित शामिल थे। पुलिस टीम ने पहाड़गंज और आसपास के इलाकों में लगे 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके अलावा, गुप्त सूचनाओं की मदद से संदिग्ध महिला की पहचान की गई।

पुलिस ने पहले के मामलों में आरोपी को गिरफ्तार करने वाले जांच अधिकारियों से भी संपर्क किया और उसके मौजूदा ठिकाने की जानकारी जुटाई। इसके बाद टीम ने उत्तम नगर में छापा मारकर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके पास से 1,85,500 रुपये और 2,600 अमेरिकी डॉलर बरामद किए।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने पहाड़गंज में विदेशी महिला का बैग चोरी करने में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। जांच में यह भी सामने आया कि वह हाल ही में तिहाड़ जेल से रिहा हुई थी। पुलिस का कहना है कि आरोपी कथित तौर पर बुजुर्ग महिला होने का फायदा उठाकर लोगों का संदेह दूर रखने की कोशिश करती थी। इस मामले में पहाड़गंज थाने में एफआईआर दर्ज किया गया है।


Source link

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button