पानी भरने पर हुआ विवाद, पति ने पत्नी को चाकू से मार डाला फिर खुद कुएं में कूदा
पानी भरने को लेकर शुरू हुआ विवाद
जानकारी के मुताबिक, सुबह पानी भरने को लेकर पति-पत्नी के बीच कहासुनी हुई थी। विवाद बढ़ने पर आरोपी पति कमल ने घर में रखे सब्जी काटने वाले चाकू से पत्नी पर हमला कर दिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने पत्नी पर चार बार वार किए। गंभीर चोट लगने के कारण आरती की मौके पर ही मौत हो गई।
शराब की आदत से परेशान थी पत्नी
परिजनों ने पुलिस को बताया कि कमल शराब का आदी था और नशे के बाद अक्सर घर में विवाद करता था। पति की आदतों से परेशान होकर आरती कुछ समय पहले अपनी बेटी के साथ मायके चली गई थी। कुछ दिन पहले ही वह वापस अपने घर लौटी थी। परिवार को उम्मीद थी कि स्थिति सामान्य हो जाएगी, लेकिन घरेलू विवाद ने फिर हिंसक रूप ले लिया।
हत्या के बाद कुएं में कूदा आरोपी
पुलिस के मुताबिक, पत्नी की हत्या के बाद आरोपी पति ने भी जान देने की कोशिश की। वह घर के पास स्थित कुएं में कूद गया। आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और काफी प्रयास के बाद उसे बाहर निकाला। इसके बाद घायल आरोपी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल उसका इलाज चल रहा है और पुलिस निगरानी रख रही है।
मौके से बरामद हुआ चाकू
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घर से खून से सना चाकू बरामद किया है। महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। कटंगी एसडीओपी विवेक शर्मा ने बताया कि आरोपी पति के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। आरोपी की हालत में सुधार होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। एक ही घटना में तीन साल की मासूम बच्ची ने अपनी मां को खो दिया, जबकि उसका पिता अस्पताल में पुलिस निगरानी में है।
Source link


