जिला पंचायत सीईओ कुमार विश्वरंजन ने आरंग की

आरंग। CG NEWS: शासकीय योजनाओं के जमीनी क्रियान्वयन की स्थिति का जायजा लेने के लिए जिला पंचायत रायपुर के मुख्य कार्यपालन अधिकारी कुमार विश्वरंजन ने आरंग विकासखंड की विभिन्न ग्राम पंचायतों का दौरा कर प्रगतिरत विकास कार्यों का निरीक्षण किया।

इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति, श्रमिकों के लिए उपलब्ध सुविधाओं, स्कूलों में शिक्षा की गुणवत्ता तथा महिला स्व-सहायता समूहों के माध्यम से आजीविका संवर्धन की गतिविधियों की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और मैदानी अमले को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

– Advertisement –

Ad image

निरीक्षण की शुरुआत ग्राम पंचायत दरबा से हुई। यहां सीईओ ने वीबी-जी राम जी योजनांतर्गत चल रहे तालाब गहरीकरण कार्य का जायजा लिया। उन्होंने कार्यस्थल पर उपलब्ध दवा पेटी, मेट माप पंजी तथा नेशनल मोबाइल मॉनिटरिंग सिस्टम (एनएमएमएस) के माध्यम से श्रमिकों की उपस्थिति दर्ज करने की प्रक्रिया का अवलोकन किया। उन्होंने कार्यस्थल पर आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता का भी निरीक्षण किया।

इसके बाद ग्राम सोनपैरी में तालाब उन्नयन कार्य का निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने कार्यस्थल पर उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया और श्रमिकों के लिए पानी की व्यवस्था की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पानी पिलाने वाली महिला से पानी लेकर पिया। साथ ही गांव में निर्माणाधीन बालिका शौचालय का निरीक्षण कर सरपंच एवं संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए।

– Advertisement –

Ad image

बच्चों से सुने पहाड़े, गृहकार्य की भी की जांच

सीईओ कुमार विश्वरंजन ने ग्राम दरबा एवं सोनपैरी के प्राथमिक विद्यालयों का निरीक्षण कर शैक्षणिक गतिविधियों की समीक्षा की। उन्होंने विद्यार्थियों से पहाड़े सुने, त्रैमासिक परीक्षा के परिणाम देखे तथा बच्चों को दिए गए गृहकार्य की जांच की। विद्यार्थियों की पढ़ाई और शैक्षणिक स्तर का जायजा लेने के बाद उन्होंने शिक्षकों को प्रतिदिन गृहकार्य की जांच करने तथा बच्चों की शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार लाने के निर्देश दिए।

वृक्षारोपण, जल संरक्षण और महिला समूहों की आजीविका पर जोर

ग्राम छतौना-मं. में सीईओ ने सामुदायिक स्तर पर महिला समूहों के संगठन (सीएलएफ) द्वारा कराए जा रहे वृक्षारोपण कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में जल संरक्षण को बढ़ावा देने और आजीविका के नए अवसर विकसित करने के उद्देश्य से सामुदायिक डबरी निर्माण कराने के निर्देश दिए।

उन्होंने बिहान योजना के अंतर्गत महिला स्व-सहायता समूहों के माध्यम से कृषि एवं आजीविका संबंधी गतिविधियों को प्रोत्साहित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि इन गतिविधियों से ग्रामीण क्षेत्रों में स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ाने के साथ ही कृषि उत्पादों का मूल्य संवर्धन भी किया जा सकता है।

समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य पूर्ण करने के निर्देश

निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ ने संबंधित अधिकारियों एवं मैदानी अमले को निर्देशित किया कि शासकीय योजनाओं के तहत संचालित सभी विकास कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरे किए जाएं। वीबी-जी राम जी योजनांतर्गत कार्यस्थलों पर श्रमिकों के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया, ताकि श्रमिकों को योजनाओं का अधिकतम लाभ मिल सके।

इस अवसर पर जनपद पंचायत आरंग के मुख्य कार्यपालन अधिकारी राजेन्द्र पाण्डेय, वीबी-जी राम जी के कार्यक्रम अधिकारी अनिल चंद्राकर, ग्राम पंचायत दरबा के सरपंच संजय टण्डन, ग्राम पंचायत सोनपैरी की सरपंच संतोषी नंदराज साहू, ग्राम पंचायत छतौना-मं. के सरपंच भोजराज यदु सहित संबंधित ग्राम पंचायतों के सचिव एवं ग्राम रोजगार सहायक उपस्थित रहे।


Source link

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button