राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने देशवासियों को दीं दीपावली की शुभकामनाएं

नई दिल्ली: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन की ओर से देशवासियों को दीपावली की शुभकामनाएं दी गई हैं। राष्ट्रपति मुर्मु की ओर से एक्स पर पोस्ट में लिखा गया, “दीपावली के शुभ अवसर पर मैं भारत और विदेश में रह रहे सभी भारतीयों को बधाई और शुभकामनाएं देती हूं।”

राष्ट्रपति ने लिखा, “रावण पर विजय के बाद उनके अयोध्या लौटने पर जो आनंदोत्सव मनाया गया उसमें प्रभु श्रीराम द्वारा सुंदर दीपमाला का सहर्ष अवलोकन किया गया, यह लोक विश्वास दीपावली मनाने का सांस्कृतिक और भक्तिपूर्ण आधार है। यह त्योहार रामराज्य के शुभारंभ का प्रतीक भी है।”

राष्ट्रपति की ओर से आगे लिखा गया, “बुरी प्रवृत्तियों पर अच्छे संस्कारों की विजय का संदेश देने वाला यह पर्व हर प्रकार के कष्टों के समाप्त होने और सुखमय जीवन के आरंभ होने के विश्वास का अवसर भी है। दीपावली के अवसर पर शुभारंभ एवं कल्याण के प्रदाता श्रीगणेश एवं सुख-समृद्धि की अधिष्ठात्री महालक्ष्मी की उपासना तथा सबके लिए खुशहाली की प्रार्थना की जाती है।”

राष्ट्रपति ने आगे लिखा, “मैं कामना करती हूं कि देश के प्रत्येक नागरिक के जीवन में स्वास्थ्य और सुख-समृद्धि व्याप्त हो, पर्यावरण संरक्षित रहे, समरसता और बंधुता आदर्श और अधिक मजबूत हों तथा देशप्रेम की भावना से प्रेरित हमारी युवा पीढ़ी, आदर्श भारतीय मूल्यों के अनुरूप, विकसित भारत के निर्माण में उत्साहपूर्वक योगदान दे।”

वहीं, उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन की ओर से सोशल मीडिया पर लिखा गया, “दिवाली के इस शुभ अवसर पर मैं अपने सभी देशवासियों और दुनिया भर के लोगों को दिल से बधाई और शुभकामनाएं देता हूं। दीपावली अंधेरे पर रोशनी, बुराई पर अच्छाई और झूठ पर सच्चाई की जीत का जश्न मनाती है, जो हमें ‘सत्यमेव जयते, सिर्फ सच की जीत होती है’ के हमेशा रहने वाले आदर्श की याद दिलाती है।”

उपराष्ट्रपति ने लिखा, “यह दिवाली हर घर में खुशी, शांति और खुशहाली लाए और एकता और मेलजोल के बंधन को मज़बूत करे। सभी को दिवाली की बहुत-बहुत शुभकामनाएं!”


Source link

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button