ठंड से ठिठुरा छत्तीसगढ़, स्कूलों का समय बदला
रायपुर। छत्तीसगढ़ में पड़ रही कड़ाके की ठंड को देखते हुए स्कूल शिक्षा विभाग ने स्कूलों के समय में बदलाव किया है। प्रदेश के कई इलाकों में पारा शून्य तक जा पहुंचा है। राजधानी की बात करें तो यहां भी पारा 6-7 डिग्री तक लुढ़क गया है। ऐसे में स्कूली बच्चों ठंड से राहत देने के लिए शासन ने ये कदम उठाया है।
जारी आदेश के अनुसार स्कूल का पहला पाली सुबह साढ़े 8:30 बजे से दोपहर 12.30 तक खुलेगा. दूसरे पाली की शुरुआत 12.45 से 5 बजे तक का समय निर्धारित किया गया है. वहीं एक पाली में संचालित सभी स्कूल सुबह 10 बजे से शाम 4 तक संचालित होगी. यह आदेश समस्त शासकीय और अशासकीय, अनुदान प्राप्त शाला, मदरसा और अन्य स्कूलों पर लागू होगा.
प्रदेश के सभी जिलों के स्कूल के खुलने का समय निर्धारित किया है. सोमवार सुबह मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी शीतलहर से बचाव के लिए सभी जिलों के कलेक्टर और नगरीय निकायों को आवश्यक व्यवस्था बनाने के निर्देश दिए थे. महत्वपूर्ण जगहों पर अलाव, रैन बसेरों में आवश्यक समाग्री, शीतलहर के कारण किसी प्रकार की जनहानि ना हो, इसके लिए व्यवस्था बनाने के निर्देश दिए थे.



