IPL: दिल्ली बेंगलुरु होंगे आमने- सामने… प्लेऑफ की दूसरी टीम का होगा फैसला

IPL: 2020 : IPL के 13वें सीजन का 55वां मैच दिल्ली कैपिटल्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच अबु धाबी में शाम 7:30 बजे से खेला जाएगा। जीतने वाली टीम पॉइंट्स टेबल में दूसरे नंबर पर पहुंचेगी और मुंबई इंडियंस के खिलाफ 5 नवंबर को क्वालिफायर-1 खेलेगी। इस मुकाबले में हारने वाली टीम को प्ले-ऑफ के लिए सनराइजर्स हैदराबाद और मुंबई इंडियंस के बीच 3 नवंबर को होने वाले मुकाबले के नतीजे का इंतजार करना होगा।
पॉइंट्स टेबल की बात करें, तो बेंगलुरु 13 मैच में 7 मैच जीतकर 14 पॉइंट्स के साथ दूसरे स्थान पर है। वहीं, दिल्ली ने भी 13 में से 7 मैच जीते है और 14 पॉइंट्स के साथ तीसरे स्थान पर है। बेंगलुरु का नेट रनरेट दिल्ली से बेहतर है। दिल्ली ने लगातार 4 और बेंगलुरु ने 3 मैच हारे हैं।
सीजन में पिछली बार जब दोनों टीमों का आमना-सामना हुआ था, तो दिल्ली ने बेंगलुरु को 59 रन से हराया था। दिल्ली ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 6 विकेट पर 196 रन बनाए थे। जवाब में बेंगलुरु 9 विकेट पर 137 रन ही बना पाई थी।
अपनी टीम के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में बेंगलुरु के कप्तान विराट कोहली पहले और देवदत्त पडिक्कल दूसरे स्थान पर हैं। कोहली ने सीजन में अब तक 431 और पडिक्कन ने 422 रन बनाए हैं।
दिल्ली के शिखर धवन ने सीजन में अब तक 471 रन बनाए हैं। वे अपनी टीम के लिए सीजन में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। इसके बाद कप्तान श्रेयस अय्यर का नंबर आता है, जिन्होंने सीजन में अब तक 414 रन बनाए हैं।
दिल्ली के तेज गेंदबाज कगिसो रबाडा ने दिल्ली के लिए सीजन में सबसे ज्यादा 23 विकेट लिए हैं। इसके बाद एनरिच नोर्तजे 16 विकेट लेकर दूसरे नंबर पर हैं। टूर्नामेंट सबसे ज्यादा विकेट लेने के मामले में मुंबई इंडियंस के तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह (23) पहले नंबर पर हैं।
बेंगलुरु के स्पिनर युजवेंद्र चहल अपनी टीम के सबसे सफल गेंदबाज हैं। उन्होंने सीजन में अब तक 20 बल्लेबाजों को आउट किया है। टूर्नामेंट के टॉप-5 विकेट टेकर बॉलर्स में चहल एकमात्र स्पिनर हैं।
सीजन में बेंगलुरु और दिल्ली दोनों ने 1-1 सुपर ओवर खेला और जीता है। दिल्ली ने किंग्स इलेवन पंजाब और बेंगलुरु ने मुंबई इंडियंस को हराया था। दोनों ही सुपर ओवर दुबई में ही खेले गए थे।


