किसान नेता राकेश टिकैत को मिली जान से मारने की धमकी, फोन पर कहा- तुम्हें जिंदा नहीं छोड़ेंगे

गाजियाबाद
उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद के यूपी गेट पर कृषि कानून को वापस लिए जाने की मांग को लेकर पिछले एक महीने से भी ज्यादा समय से किसान धरने पर बैठे हैं। इस बीच 26 दिसंबर यानी शनिवार को भारतीय किसान यूनियन के सहायक राष्ट्रीय प्रवक्ता अर्जुन वालिया ने थाना कौशांबी में एक तहरीर दी है। इसमें बताया गया है कि एक अज्ञात व्यक्ति ने भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत को फोन पर जान से मारने की धमकी दी है। उसके बाद से वह फोन बंद आ रहा है।

बिहार का है धमकी देने वाला आरोपी
इस पूरे मामले की जानकारी देते हुए भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता ने बताया कि टिकैत के पास एक अज्ञात व्यक्ति ने फोन किया। उसने अपने आप को बिहार का रहने वाला बताया और कहा कि आप लोग धरने पर बैठे हैं, तो आपको कितने हथियार भेजे जाएं। इस फोन के जवाब में राकेश टिकैत ने कहा कि यहां किसान धरने पर बैठे हैं। इसलिए हथियार की कोई आवश्यकता नहीं है ,तो फिर आप हथियार बेचने की बात किस लिए कर रहे हैं? इस पर फोन करने वाले व्यक्ति ने कहा कि तुम्हें जिंदा नहीं छोड़ेंगे और तुम्हारे लिए हथियार लेकर आ रहे हैं। इसके लिए तमाम मंदिरों से उन्होंने चंदा एकत्र किया है। राकेश टिकैत ने कहा कि इसकी तहरीर थाना कौशांबी में दे दी गई है।

तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई
इस मामले में क्षेत्राधिकारी अंशु जैन ने बताया कि भारतीय किसान यूनियन के सहायक राष्ट्रीय प्रवक्ता अर्जुन बालियान ने थाना कौशांबी में एक तहरीर दी है। जिसमें लिखा गया है कि उनके साथी भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत को एक अज्ञात फोन से जान से मारने की धमकी मिली है। इसलिए उनकी प्राथमिकी दर्ज करते हुए कानूनी कार्रवाई की जाए । क्षेत्राधिकारी ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामला दर्ज करते हुए इस प्रकरण में सर्विलांस की टीम गठित कर तत्काल आवश्यक वैधानिक कार्यवाही के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित कर दिया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button