#Social

BJP ON ACTION MODE: कई नेताओं का झारखंड दौरा, विधानसभा चुनावों की तैयारी में जुटी पार्टी


RANCHI रांची: विधानसभा चुनाव को देखते हुए भाजपा ने अपनी तैयारी शुरू कर दी है. 14 जुलाई यानी रविवार को भाजपा के कई नेताओं का झारखंड दौरा है. भाजपा संगठन प्रभारी, विधानसभा चुनाव प्रभारी और सह प्रभारी 14 से 17 जुलाई के बीच झारखंड प्रवास पर रहेंगे. सभी विधानसभा स्तरीय कार्यकर्ता सम्मान और विधानसभा क्षेत्र विजय संकल्प सभा को संबोधित करेंगे. प्रदेश भाजपा का सांगठनिक कार्यक्रम लगातार जारी है. अभी कार्यकर्ता सम्मान और विधानसभा स्तरीय विजय संकल्प सभा सभी विधानसभा क्षेत्र में हो रहे हैं. इसी क्रम में आगामी 14 जुलाई को केंद्रीय मंत्री और विधानसभा चुनाव प्रभारी शिवराज सिंह सुबह 9 बजे विमान से रांची आएंगे.
शिवराज सिंह सुबह 11 बजे खिजरी विधानसभा क्षेत्र के कार्यक्रम में शामिल होंगे. वे 14 जुलाई की शाम को ही वापस लौट जाएंगे. 16 जुलाई को असम सरकार के मुख्यमंत्री और विधानसभा सह प्रभारी हिमंत बिस्वा सरमा का रांची आने का कार्यक्रम है. हिमंत 16 जुलाई को तोरपा और खूंटी विधानसभा क्षेत्र के कार्यक्रम में शामिल होंगे.
17 जुलाई को संगठन प्रभारी डॉ लक्ष्मीकांत वाजपेयी और केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह दोनों झारखंड दौरे पर रहेंगे. डॉ वाजपेयी नई दिल्ली से जमशेदपुर आएंगे और जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा क्षेत्र के कार्यक्रम में शामिल होंगे, जबकि शिवराज सिंह रांची आएंगे और हटिया विधानसभा क्षेत्र के कार्यक्रम में शामिल होंगे.
मध्य प्रदेश का लिंक झारखंड में भी स्पष्ट है, जहां शिवराज सिंह चौहान को प्रभारी बनाया गया है. हिमंत बिस्वा सरमा को एक संकटमोचक के रूप में देखा जाता है और उनका राजनीतिक कौशल राज्य में काम आ सकता है, जहां भाजपा झारखंड मुक्ति मोर्चा के नेतृत्व वाली सरकार को सत्ता से हटाने की कोशिश कर रही है.
गौरतलब है कि भारतीय जनता पार्टी ने महाराष्ट्र, हरियाणा, झारखंड और जम्मू-कश्मीर के लिए अपने प्रभारियों की घोषणा के साथ इस साल के अंत में इन राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनावों की तैयारी शुरू कर दी है. लोकसभा चुनावों में कुछ राज्यों में भगवा पार्टी को झटका लगा था, उनमें महाराष्ट्र और हरियाणा भी शामिल हैं.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button