#Social

स्टेज पर ताबड़तोड़ फायरिंग, श्राद्ध के कार्यक्रम का VIDEO आग की तरह वायरल


आरा: आरा में एक श्राद्ध कार्यक्रम के दौरान आयोजित प्रोग्राम में स्टेज पर ताबड़तोड़ फायरिंग करने का वीडियो वायरल हुआ है. वीडियो में दो युवक मंच पर रायफल से फायरिंग करते दिख रहे हैं. दोनों युवकों ने तबातोड़ फायरिंग करने की वजह से वहां स्टेज पर गाना गा रहे भोजपुरी गायक सहित कई लोग डरे सहमे रहे.
हर्ष फायरिंग का सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा यह वीडियो जिले के बिहिया थाना क्षेत्र के भीम पट्टी गांव का है. भीम पट्टी गांव में पिछले 13 सितंबर को एक श्रद्धांजलि सभा में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया था. इस वायरल वीडियो की जानकारी जैसे ही भोजपुर एसपी मिस्टर राज को मिली. उन्होंने तुरंत इस मामले को बिहिया थाना के संज्ञान में देकर प्राथमिकी दर्ज करने का निर्देश जारी किया.
इसके बाद बिहिया थाना प्रभारी ने सांस्कृतिक कार्यक्रम के आयोजक सहित फायरिंग करने वाले लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करते हुए उन्हें चिह्नित कर गिरफ्तार करने के प्रयास में जुट गई है. इसके साथ ही वायरल वीडियो की सत्यता की जांच कर पूरे मामले की छानबीन भी शुरू कर दी गई है.बताया जा रहा है कि पिछले शुक्रवार को बिहिया थाना क्षेत्र के बेलवनिया भीम पट्टी गांव निवासी स्वर्गीय जगबली यादव के श्राद्धकर्म में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया था. जहां मशहूर भोजपुरी गायक टुनटुन यादव सहित अन्य कई गायक भी जुटे हुए थे.
इसी बीच जब मंच पर गायक टुनटुन यादव ने जब गाना शुरू किया तो कुछ लोग स्टेज पर चढ़कर तबातोड़ फायरिंग करने लगे.हालांकि, गायक टुनटुन यादव के काफी आग्रह करने पर स्टेज पर चढ़े युवकों ने फायरिंग को बंद कर दिया और स्टेज से नीचे उतर गए. इस बीच सांस्कृतिक कार्यक्रम को देख रहे किसी श्रोता ने इस हर्ष फायरिंग का वीडियो अपने मोबाइल कैमरे में कैद कर लिया और उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया.
इसके बाद से यह वीडियो काफी चर्चा का विषय बन गया है. वहीं इस घटना के संबंध में प्रेस रिलीज जारी करते हुए भोजपुर एसपी मिस्टर राज ने बताया कि फायरिंग करने वाले तत्वों की पहचान कर ली गई है. जल्द ही उन लोगों को गिरफ्तार भी कर लिया जाएगा. शस्त्र अधिनियम और लाउडस्पीकर अधिनियम के तहत प्राथमिक दर्ज की गई है.
एसपी ने बताया कि इस मामले में तीन नामजद समेत पांच अज्ञात को आरोपी बनाया गया है. आयोजकों और फायरिंग में शामिल तत्वों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी. पुलिस इन लोगों को गिरफ्तार करने के लिए लगातार की ठिकानों पर छापेमारी भी कर रही है.बहरहाल, कानून की धज्जियां उड़ाते हुए सांस्कृतिक कार्यक्रम में जिस तरह से बेखौफ होकर युवक अंधाधुंध हर्ष फायरिंग कर रहे हैं.इससे पुलिस और प्रशासन के शख्त रवैए पर भी अब सवाल उठने लगे हैं.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button