#Social

Sirohi गायों के रिफ्लेक्टर बेल्ट बांध रहे युवाओं से मारपीट


Sirohi. सिरोही। शहर के केसगंज क्षेत्र में बुधवार रात्रि सड़क पर घूम रहे गोवंश को दुर्घटना से बचाने के लिए रिफ्लेक्टर बेल्ट पहना रहे कुछ युवाओं के साथ स्थानीय लोगों ने मारपीट कर दी। मामले में एक युवक गम्भीर घायल हो गया। सूचना मिलने पर आकराभट्टा के रहवासी, भाजपा और हिन्दू संगठनों के कार्यकर्ता शहर थाने पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। रिपोर्ट पर पुलिस ने नगरपालिका के कांग्रेस पार्षद के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज की है। मामले में गुरुवार सुबह भी हिन्दू संगठन के कार्यकर्ताओं ने शहर थाने का घेराव करते हुए नारेबाजी कर आक्रोश जताया। कार्रवाई का आश्वासन देने पर मामला शांत हुआ। संतोषजनक कार्रवाई नहीं होने पर पुन: आंदोलन की

चेतावनी दी है।

पुलिस के अनुसार परिवादी आकराभट्टा निवासी आकाश पुत्र पुखराज बंजारा ने रिपोर्ट दर्ज करवाई कि बुधवार रात्रि करीब 10.30 बजे वह और आकराभट्टा निवासी रोहित पुत्र कपूर मेघवाल, अतुल पुत्र चंदूराम बंजारा, शैलेष सैनी पुत्र जयकरण सैनी, उमरणी निवासी शिवराज पुत्र महेंद्रसिंह देवड़ा, जयपालसिंह, ध्रुवराज सिंह केसरगंज आबूरोड में गायों के रिफ्लेक्टर बेल्ट बांधने गए थे। आरोप लगाया कि केसरगंज कॉलेज गेट के पास बैठी गायों के गले में रिफ्लेक्टर बेल्ट बांधते समय पार्षद कैलाश माली आया और उन सभी के साथ गाली-गलौज करते हुए टोकने लगा। जिस पर उन्होंने समझाइश का प्रयास किया, तो 5-6 अन्य लोगों को बुलाकर लाठी सरिए के साथ उन पर हमला कर दिया। हमले में रोहित, परिवादी आकाश, अतुल गम्भीर घायल हो गए। उन्हें वहीं छोड़कर आरोपी भाग गए। उसने अपने अन्य साथियों को सूचना दी और उनके साथी अस्पताल लेकर आए। पुलिस ने रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं शहर पुलिस ने शांतिभंग के आरोप में कैलाश माली को गिरफ्तार कर तहसीलदार के समक्ष पेश किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button