#Social
काव्य संग्रह ज्ञान सरिता का विमोचन

Chamba. चंबा। शहर से सटे चमीणू गांव स्थित एचटूओ हाउस में आयोजित साहित्यिक उत्सव के दौरान बहुप्रतीक्षित ‘ज्ञान सरिता’ बहुभाषी काव्य संग्रह का विधिवत तरीके से विमोचन किया गया। इस काव्य संग्रह हिमाचल के विभिन्न जिलों के 31 नवोदित और प्रतिष्ठित रचनाकारों की रचनाओं का समाहित किया गया। इसमें हर कविता बच्चों के मनोविज्ञान और रुचि को ध्यान में रखकर रची गई है। इस साहित्यिक उत्सव का आयोजन दो सत्रों में किया गया। पहले सत्र के मुख्यातिथि उपनिदेशक निरीक्षण प्रकोष्ठ चंबा भाग सिंह चौहान रहे। उन्होंने साहित्य के महत्व और इसकी समाज में भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि ‘ज्ञान सरिता’ संग्रह न केवल बच्चों के
मनोभावों को छूता है।
बल्कि वह समाज को सही दिशा में मार्गदर्शन देने का भी प्रतीक है। दूसरे सत्र में जीव विज्ञानी और सेवानिवृत्त प्राचार्य विपिन चंद राठौर ने मुख्यातिथि के तौर पर हिस्सा लेते हुए साहित्य और कविता की अनमोल धरोहर को मानव जीवन का अभिन्न अंग बताया, जिससे समाज में सकारात्मक परिवर्तन का संचार होता है। इस दौरान प्रतिभागी रचनाकारों को शाल व टोपी पहनाकर और स्मृति चिंह देकर ‘ज्ञान सरिता सम्मान’ से विभूषित किया गया। कार्यक्रम में राजकीय प्राथमिक पाठशाला मौड़ा के बाल रचनाकारों द्वारा भी सुंदर काव्य प्रस्तुतियां दी गई। इसके साथ ही मिमिक्री कलाकार मुजफ्फर मोहम्मद ने अपनी हास्यपूर्ण प्रस्तुति से उपस्थित जनसमूह का भरपूर मनोरंजन कर खूब तालियां बटोरी।




