#Social

CG BREAKING: माजदा और ट्रैक्टर में हुई जबरदस्त भिड़ंत, एक की मौत, तीन घायल


Gariaband. गरियाबंद। जिले के राजिम मुख्य मार्ग पर बुधवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. ग्राम बोरसी के समीप तेज रफ्तार माजदा वाहन और पत्थर से लदे ट्रैक्टर के बीच आमने-सामने की जबरदस्त भिड़ंत हो गई. इस दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. जानकारी के अनुसार, माजदा वाहन राशन सामग्री लेकर राजिम से फिंगेश्वर की ओर जा रहा था. वहीं फरसी पत्थर से लदा ट्रैक्टर विपरीत दिशा से बोरसी की ओर आ रहा था. ग्राम बोरसी के पास दोनों वाहनों की जोरदार टक्कर हो गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि माजदा वाहन के परखच्चे उड़ गए और उसके चालक नंदकुमार उर्फ मोंटू यादव की मौके पर ही मौत हो गई.
हादसे के बाद नंदकुमार का शव वाहन में बुरी तरह फंस गया, जिसे फिंगेश्वर पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला. दुर्घटना में माजदा सवार पवन हलबा, संजू मरकाम (हेल्पर) और ट्रैक्टर चालक गंभीर रूप से घायल हो गए. घायलों को तत्काल फिंगेश्वर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां से उनकी स्थिति गंभीर होने पर उन्हें अन्यत्र रेफर कर दिया गया. हादसे के कारण राजिम मुख्य मार्ग पर घंटों तक जाम की स्थिति बनी रही. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात को नियंत्रित किया और धीरे-धीरे आवागमन बहाल कराया. फिंगेश्वर थाना प्रभारी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button