धर्मगुरु पर आपत्तिजनक टिप्पणी का मामला गरमाया

CG News : बिलासपुर में मुस्लिम समाज के धर्म गुरु के खिलाफ की गई आपत्तिजनक टिप्पणी का मामला एक बार फिर गरमा गया है। जानकारी के अनुसार बीते दिनों मुस्लिम समाज के लोगों ने सरकंडा थाने में ठाकुर राम सिंह के खिलाफ धर्म गुरु पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने के आरोप में एफआईआर दर्ज कराई थी। मामले के बाद से ही समाज के लोगों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है।
इसी कड़ी में आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर मुस्लिम समाज के बड़ी संख्या में लोग एसपी कार्यालय पहुंचे और पुलिस प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना था कि इस तरह की बयानबाजी से समाज में अनावश्यक तनाव की स्थिति पैदा होती है और हिंदू-मुस्लिम के बीच वर्षों से चले आ रहे आपसी भाईचारे को तोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

समाज के लोगों ने कहा कि किसी भी धर्म, धर्मगुरु या आस्था के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करना न केवल गलत है, बल्कि इससे सामाजिक सौहार्द भी प्रभावित होता है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति इस तरह की हरकत करने की हिम्मत न कर सके।
वहीं इस प्रदर्शन में मुस्लिम समाज के साथ-साथ सर्व धर्म समाज के लोग भी मौजूद रहे। सभी ने सामाजिक एकता और आपसी सद्भाव बनाए रखने की अपील की। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि सभी धर्मों का सम्मान करना ही भारतीय संस्कृति की पहचान है और इसे किसी भी कीमत पर कमजोर नहीं होने दिया जाएगा।
Source link





