कर्नाटक को मिला नया मुख्यमंत्री, डीके शिवकुमार ने संविधान की प्रति हाथ में लेकर ली शपथ; जी. परमेश्वर बने उपमुख्यमंत्री

Karnataka CM Oath: नई दिल्ली: कर्नाटक में कांग्रेस सरकार के नए नेतृत्व की शुरुआत बुधवार को हुई, जब वरिष्ठ कांग्रेस नेता डीके शिवकुमार ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ग्रहण की। शपथ ग्रहण समारोह में उन्होंने हाथ में संविधान की प्रति लेकर पद और गोपनीयता की शपथ ली। राज्यपाल ने उन्हें मुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाई। इसी दौरान कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जी. परमेश्वर ने उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ग्रहण की। समारोह में कांग्रेस के शीर्ष नेता, पार्टी कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में समर्थक मौजूद रहे।

मंत्रिपरिषद का भी हुआ विस्तार


मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री के अलावा मंत्रिपरिषद में 12 अन्य नेताओं को भी शामिल किया गया। इनमें पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया के पुत्र डॉ. यतींद्र सिद्धारमैया का नाम प्रमुख रूप से शामिल है। गौरतलब है कि सिद्धारमैया ने 28 मई को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दिया था। वह 20 मई 2023 से 28 मई 2026 तक राज्य के मुख्यमंत्री रहे।

छात्र राजनीति से शुरू हुआ सफर



डीके शिवकुमार का राजनीतिक जीवन छात्र राजनीति से शुरू हुआ। 1980 के दशक में उन्होंने कांग्रेस से जुड़कर अपनी पहचान बनाई। वर्ष 1985 में उन्होंने साठनूर विधानसभा सीट से अपना पहला चुनाव लड़ा, लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद 1989 में मात्र 27 वर्ष की उम्र में उन्होंने इसी क्षेत्र से जीत दर्ज कर पहली बार विधानसभा पहुंचने में सफलता हासिल की।

इन नेताओं ने भी संभाली मंत्री पद की जिम्मेदारी



नई कैबिनेट में केएच मुनियप्पा, के.जे. जॉर्ज, एम.बी. पाटिल, रामलिंगा रेड्डी, सतीश जारकीहोली, कृष्णा बायरे गौड़ा, प्रियांक खरगे और यू.टी. खादर समेत कई वरिष्ठ नेताओं ने मंत्री पद की शपथ ली। नई सरकार के गठन के साथ ही राज्य में कांग्रेस नेतृत्व के नए दौर की शुरुआत हो गई है।


Source link

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button