साइबर ठगी का बड़ा नेटवर्क बेनकाब

रायपुर। Cyber Crime: रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने साइबर ठगी के मामलों में इस्तेमाल होने वाले म्यूल अकाउंट के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर विभिन्न राज्यों में हुई ऑनलाइन धोखाधड़ी से जुड़ी रकम अपने बैंक खाते में लेने और उसे निकालने का आरोप है। जांच में आरोपी के खाते से करीब 9 लाख रुपये के संदिग्ध लेनदेन का खुलासा हुआ है। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और कई राज्यों से मिली शिकायतों के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस के मुताबिक, डीडी नगर थाना को रायपुर कमिश्नरेट के साइबर सेल और क्राइम ब्रांच की ओर से एक संदिग्ध बैंक खाते की जानकारी दी गई थी। इस खाते के खिलाफ गुजरात, ओडिशा और आंध्र प्रदेश से ऑनलाइन शिकायतें दर्ज हुई थीं। शिकायतों में आरोप लगाया गया था कि साइबर ठगी से वसूली गई रकम एक खास बैंक खाते में ट्रांसफर की जा रही है। मामला सामने आने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि रायपुर के रायपुरा स्थित विकास विहार कॉलोनी निवासी मानव खत्री अपने बैंक खाते का इस्तेमाल साइबर अपराध से जुड़ी रकम को प्राप्त करने और आगे निकालने के लिए कर रहा था। तकनीकी जांच और बैंक डिटेल खंगालने पर आरोपी के खाते से जुड़े चार अलग-अलग साइबर फ्रॉड मामलों का खुलासा हुआ। इन मामलों में करीब 9 लाख रुपये के लेनदेन की पुष्टि हुई है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी का बैंक खाता “म्यूल अकाउंट” के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा था। साइबर अपराधी आमतौर पर ऐसे खातों का उपयोग ठगी की रकम को ट्रांसफर और छिपाने के लिए करते हैं, ताकि जांच एजेंसियों को भ्रमित किया जा सके। जांच एजेंसियों को शक है कि आरोपी किसी बड़े साइबर फ्रॉड नेटवर्क से भी जुड़ा हो सकता है।
मामले में पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद डीडी नगर थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 358/2026 दर्ज किया। उसके विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 317(2), 317(4) और 317(5) के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी के संपर्क किन-किन साइबर अपराधियों से थे और इस नेटवर्क में और कितने लोग शामिल हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आने वाले दिनों में इस मामले में और भी खुलासे हो सकते हैं।
Source link





