ट्रक से भिड़ी तेज रफ्तार कार, एक ही परिवार के 5 लोगों की दर्दनाक मौत

Big Accident : अमरावती। महाराष्ट्र के अमरावती जिले में समृद्धि महामार्ग पर रविवार को एक भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। नागपुर से मुंबई जा रही तेज रफ्तार कार आगे चल रहे ट्रक से पीछे से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार सभी लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

यह हादसा धामणगांव रेलवे तहसील क्षेत्र से गुजरने वाले समृद्धि महामार्ग पर हुआ। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कार तेज गति में थी। इसी दौरान चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका या ट्रक के अचानक ब्रेक लगाने से कार सीधे ट्रक के पिछले हिस्से में जा घुसी।

हादसे में दो पुरुष, दो महिलाएं और एक मासूम बच्ची की जान चली गई। पुलिस के अनुसार, सभी मृतक चंद्रपुर जिले के रहने वाले थे और एक ही परिवार के सदस्य थे। परिवार किसी निजी कार्य से मुंबई जा रहा था, लेकिन रास्ते में यह दर्दनाक हादसा हो गया।

सूचना मिलते ही पुलिस और समृद्धि महामार्ग की आपातकालीन बचाव टीम मौके पर पहुंची। कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने के कारण कटर की मदद से शवों को बाहर निकाला गया और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।


Source link

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button