महादेव सट्टा किंग सौरभ चंद्राकर की कोर्ट में पेशी, सुरक्षा सख्त
Raipur. रायपुर। छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में बुधवार को बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। करीब 6 हजार करोड़ रुपये के कथित सट्टा घोटाले के मुख्य आरोपियों में शामिल सौरभ चंद्राकर को रायपुर की विशेष CBI अदालत में पेश किया गया। उसकी पेशी को देखते हुए कोर्ट परिसर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस जवानों की तैनाती की गई है। इस बीच केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) आरोपी से विस्तृत पूछताछ के लिए अदालत से कस्टोडियल रिमांड की मांग कर सकती है।
जानकारी के अनुसार, सौरभ चंद्राकर को मंगलवार को CBI की टीम दिल्ली से फ्लाइट संख्या E6 2307 के जरिए रायपुर लेकर पहुंची थी। इससे पहले उसे ओमान से प्रत्यर्पण के बाद भारत लाया गया था। केंद्रीय जांच एजेंसियां लंबे समय से उसकी तलाश में जुटी हुई थीं। उसके भारत आने को महादेव ऑनलाइन सट्टेबाजी मामले की जांच में महत्वपूर्ण घटनाक्रम माना जा रहा है। दरअसल, सोमवार को सौरभ चंद्राकर को दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट में पेश किया गया था। वहां CBI ने उसे रायपुर की विशेष अदालत तक पहुंचाने के लिए ट्रांजिट रिमांड मांगी थी। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने दो दिन की ट्रांजिट रिमांड मंजूर कर ली। इसके बाद CBI को आरोपी को रायपुर लाने की अनुमति मिली।
Source link



