#Social

BREAKING: दोस्तों ने मिलकर दोस्त की कर दी हत्या, फैली सनसनी


Gurugram. गुरुग्राम। हरियाणा के गुरुग्राम में पुलिस ने अपने दोस्त की हत्या के आरोप में दो युवकों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक, हत्या का कारण आपसी रंजिश और बदला लेना था. मृतक की पहचान 20 साल के यश बाबू के रूप में हुई है. परिवार ने बताया कि यश बाबू 10 दिसंबर की दोपहर एक दोस्त से मिलने के लिए घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा. अगले दिन सुबह कादीपुर औद्योगिक क्षेत्र में झाड़ियों में उसका शव मिला. घटना की सूचना पर सेक्टर 10ए पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया था. न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट के मुताबिक जांच के दौरान, पुलिस ने शनिवार रात दो आरोपियों – लकी (20) और ध्रुव (21) को गिरफ्तार किया।
लकी बिहार के सिवान जिले का रहने वाला है, जबकि ध्रुव गुरुग्राम के इस्लामपुर गांव का निवासी है. पूछताछ के दौरान, आरोपियों ने खुलासा किया कि कुछ समय पहले यश बाबू और उसके दोस्तों ने लकी के साथ मारपीट की थी. इस घटना का बदला लेने के लिए आरोपियों ने यश बाबू को पार्टी के बहाने बुलाया. उन्होंने उसे नशे में धुत किया और फिर तेजधार हथियार और ईंट से उसकी हत्या कर दी. गिरफ्तारी के बाद आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से ध्रुव को पांच दिन की पुलिस हिरासत में और लकी को दो दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है. गुरुग्राम पुलिस ने बताया कि मामले की आगे की जांच की जा रही है और अन्य तथ्यों का पता लगाया जा रहा है. पुलिस ने आश्वासन दिया है कि मामले में सभी दोषियों को कड़ी सजा दिलाई जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button