#Social
CG: शेयर बाजार में निवेश के नाम पर 41 लाख की ऑनलाइन ठगी, मुख्य आरोपी गिरफ्तार

Durg. दुर्ग। ऑनलाइन शेयर ट्रेडिंग के नाम पर एक कारोबारी से ₹41.52 लाख की धोखाधड़ी करने वाले शातिर आरोपी को दुर्ग पुलिस ने हरियाणा के करनाल जिले से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने “दुर्गा इंटरप्राइजेस” नाम की फर्जी संस्था बनाकर पीड़ित को निवेश के नाम पर भारी लाभ का लालच दिया और इलेक्ट्रॉनिक माध्यमों से रकम हड़प ली।
फर्जी लिंक से रजिस्ट्रेशन और दोगुना मुनाफे का झांसा
थाना पदमनाभपुर निवासी प्रार्थी मयंकपुरी गोस्वामी ने 27 मई 2025 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह शेयर ट्रेडिंग करता है। आरोपी ने 16 से 21 मई के बीच मोबाइल पर फर्जी लिंक भेजकर ट्रेडिंग वेबसाइट से जोड़ते हुए रजिस्ट्रेशन कराया और दोगुना मुनाफा देने का झांसा देकर कुल ₹41,52,500 की ठगी कर ली।
जांच में सामने आया ‘दुर्गा इंटरप्राइजेस’ का फर्जीवाड़ा
पुलिस जांच में पता चला कि पीड़ित ने 19 मई को 5 लाख और 20 मई को 15 लाख रुपए आरोपी द्वारा बताए गए “दुर्गा इंटरप्राइजेस” नामक खाते में RTGS के माध्यम से भेजे थे। यह खाता IDFC फर्स्ट बैंक में है, जो आरोपी साहिल सिंघला के नाम पर पंजीकृत है।
हरियाणा में दी गई फर्जी दुकान की सूचना
जब पुलिस की टीम करनाल पहुंची और “दुर्गा इंटरप्राइजेस” नाम की दुकान पर छापा मारा, तो वहां ऐसा कोई प्रतिष्ठान नहीं मिला। यह नाम केवल लोगों को भ्रमित करने के लिए लगाया गया था। आरोपी साहिल सिंघला के खाते में करीब ₹20 लाख की राशि जमा पाई गई है। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर ट्रांजिट रिमांड पर दुर्ग लाया और न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। आरोपी के खिलाफ देश के विभिन्न राज्यों के 12 थाना क्षेत्रों में साइबर फ्रॉड की शिकायतें दर्ज हैं।
गिरफ्तार आरोपी
नाम: साहिल सिंघला निवासी: मेन बाजार, करनाल (हरियाणा)



