Double Murder : पुरानी रंजिश में दो नाबालिगों की चाकू से हत्या

Delhi दिल्ली: रोहिणी जिले के अमन विहार इलाके में बुधवार शाम हुए खूनी संघर्ष में दो नाबालिगों की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। मृतकों की पहचान जॉनी और मयंक के रूप में हुई है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए एक मुख्य नाबालिग आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, जॉनी और मयंक अपने साथी दिनेश के साथ सुल्तानपुरी इलाके से अमन विहार पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि वे रितेश नामक युवक की तलाश कर रहे थे, जिससे उनकी पुरानी रंजिश थी। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया और मारपीट की स्थिति पैदा हो गई। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि विवाद के दौरान जॉनी और मयंक ने एक महिला और उसके बेटे पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया था। इसके बाद जब वे मौके से भागने लगे, तो दूसरे पक्ष के लोग उनके पीछे दौड़े। इसी दौरान हाथापाई में चाकू नीचे गिर गया।
आरोप है कि इसी बीच एक नाबालिग आरोपी ने चाकू उठाकर दोनों पर हमला कर दिया। एक की गर्दन और दूसरे के पेट व सीने पर कई वार किए गए, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घायल दिनेश का इलाज जारी है। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर हत्या और हत्या के प्रयास का क्रॉस केस दर्ज किया है। पूरे मामले की जांच जारी है और अन्य आरोपियों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।
Source link



