#Social

ED गैंग का बदमाश गिरफ्तार, गर्लफ्रेंड से मिलने जेल पहुंचा था


Mathura. मथुरा। राधा ऑर्चिड कॉलोनी में 30 अगस्त को सराफा कारोबारी अश्वनी कुमार के घर डकैती के इरादे से आए फर्जी ईडी गिरोह के बदमाश को गोविंद नगर पुलिस ने सोमवार सुबह पौने 10 बजे नए बस स्टैंड के पास से दबोच लिया है। आरोपी जेल में बंद महिला प्रोफेसर से मिलने आया था। प्रकरण में अब तक आठ आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं। मुख्य सरगना समेत आधा दर्जन लोगों की गिरफ्तारी के लिए टीमें दबिश दे रही हैं। गोविंद नगर थाना क्षेत्र के राधा ऑर्चिड निवासी अश्वनी कुमार अग्रवाल के घर पर 30 अगस्त की सुबह 6.20 बजे फर्जी ईडी अधिकारी बनकर आए बदमाशों ने डकैती के उद्देश्य से घर में घुसने का प्रयास किया था।
वारदात में विफल होने पर बदमाश फरार हो गए थे। पुलिस ने 11 सितंबर को फर्जी ईडी टीम के एक शातिर जगदीप सिंह निवासी गांव नदाला जिला कपूरथला पंजाब को गिरफ्तार किया था। शातिर से पूछताछ में अहम सुराग मिले थे। इसके बाद पुलिस ने 15 सितंबर को दिल्ली के ग्रेटर कैलाश की रहने वाली महिला प्रोफेसर शिखा लोचन समेत मथुरा के शातिर नरेश निवासी रामनगर जमुनापार, गोविंद निवासी धौलीप्याऊ, जीतेश निवासी आदर्शनगर महोली रोड और देवेश निवासी गांव जमालपुर थाना फरह को गिरफ्तार किया था। बदमाशों से पूछताछ में प्रकरण में एक के बाद एक नाम सामने आ रहे हैं। 20 सितंबर को पुलिस हरियाणा के सोनीपत जिले के थाना कुंडली के गांव साफियाबाद निवासी रोहित को दबोचा था।
गोविंद नगर पुलिस को दिल्ली में महिला प्रोफेसर के साथ लिव इन रिलेशनशिप में रहने वाले मुख्य बदमाश देवेंद्र सिंह सहरावत निवासी बी 22 ग्रेटर कैलाश पार्क दो थाना चितरंजन पार्क नई दिल्ली वर्तमान पता चिराग थाना मालवीय नगर दिल्ली के आने की सूचना मिली थी। गोविंद नगर थाना प्रभारी देवपाल सिंह पुंडीर ने बताया, सुबह पौने 10 बजे देवेंद्र को नए बस स्टैंड से गिरफ्तार किया गया है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह जेल में बंद महिला प्रोफेसर से मिलने के लिए आया था। 30 अगस्त को वारदात के दिन फर्जी ईडी अधिकारी बनकर आरोपी ने घर में घुसने का प्रयास किया था। पुलिस ने उसे भी जेल भेज दिया।
पकड़े गए शातिरों से पूछताछ में राया के अंकुर चौधरी के साथ कई नाम सामने आए हैं। अंकुर दिल्ली में रहकर ठगी करता है। उसके पिता विकास वर्ष 2018 में जाली नोट के मामले में जेल जा चुके हैं। पुलिस सूत्रों ने बताया, अंकुर चौधरी फर्जी ईडी गिरोह का मुख्य सरगना है। अंकुर ने ही देवेंद्र सहरावत के फ्लैट में मोहित, दिल्ली के गैंगस्टर अमित गोगा समेत अन्य के साथ वारदात की योजना बनाई और अंजाम देने के लिए मथुरा आए थे। देवेंद्र महिला प्रोफेसर शिखा लोचन के साथ लिव इन रिलेशनशिप में रहता था। उसने महिला प्रोफेसर को भी टीम में शामिल कर लिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button