#Social
HP: पटरी पर लौटने लगा शिमला शहर का पर्यटन कारोबार

Shimla. शिमला। शिमला में मंदा पड़ा पर्यटन कारोबार अब पटरी पर आना शुरू हो गया है। शिमला शहर में शनिवार को काफी संख्या में पर्यटक आए। वहीं, शाम तक करीब 30 फीसदी होटलों की भी बुकिंग हुई हैं, जिसमें दो से तीन दिन के पैकेज के साथ पर्यटक शिमला घूमने आए हैं। वहीं, एडवांस बुकिंग भी शुरू कर हो गई है। पर्यटकों को शिमला घूमने के लिए कम बजट का प्रवाधान भी होटल कारोबारियों ने कर लिया है, जिसमें ऑनलाइन एडवांस बुकिंग पर 20 प्रतिशत और इससे अधिक छूट भी दी जा रही है। वहीं, कई होटल कारोबारियों ने पर्यटकों के घूमने ले जाने और लाने पर भी छूट का प्रावधान किए हैं। होटल कारोबारियों का कहना है कि शनिवार से लग रहा है कि अब पर्यटन कारोबार बढऩा शुरू हो जाएगा। हालांकि नवरात्र पर्यटन कारोबार रफ्तार पकड़ेगा। अक्तूबर के पहले हफ्ते से नवरात्र शुरू हो रहे हैं। इसके चलते पर्यटकों ने होटल में एडवांस में ही बुकिंग शुरू हो गई है। इसके साथ में काफी संख्या में इंक्वायरी भी
आ रही है।
कारोबारियों के मुताबिक नवरात्र पर हिल्सक्वीन में सैलानियों की आमद बढऩे की उम्मीद है। शिमला में चल रहे मस्जिद विवाद को देखकर भी पर्यटक शिमला आने से डर रहे थे, लेकिन अब माहौल शांत हो गया है। ऐसे में अब पर्यटकों ने एडवांस बुकिंग करना शुरू कर दिया है। बीते महीने के मुकाबले सितंबर में एचपीटीडीसी सहित निजी होटलों में ऑक्यूपेंसी स्थिर चल रही है। वीकेंड पर शहर के होटलों में 20 से 25 फीसदी तक ऑक्यूपेंसी है। जुलाई में होटलों में ऑक्यूपेंसी 10 फीसदी से भी कम हो गई थी, लेकिन दो माह बाद अब पर्यटन कारोबार धीरे-धीरे बढऩे लगा है। उधर, वीकेंड पर रविवार को सैलानियों ने हिल्सक्वीन के सुहावने मौसम का आनंद लिया। दोपहर बाद बारिश हुई और शाम को खिली धूप में पर्यटकों ने रिज मैदान की सैर कर वादियों का लुत्फ उठाया। पर्यटक मालरोड पर भी चहलकदमी करते नजर आए। होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन के उपाध्यक्ष प्रिंस कुकरेजा ने बताया कि नवरात्र को लेकर एडवांस बुकिंग शुरू हो गई है, इंक्वायरी भी आ रही है। पर्यटकों को स्पेशल पैकेज भी उपलब्ध करवाए जा रहे हैं।




