बस्तर में पुलिस पर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा, एसपी समेत कई पुलिसकर्मी घायल, कोंडागांव में पुलिस को दौड़ाया
बस्तर. धर्मांतरण को लेकर आज नारायणपुर में स्थिति तनावपूर्ण हो गई। दो पक्षों के बीच चल रहे विवाद के बीच जमकर पत्थरबाजी और लाठी-डंडे चले. इस दौरान नारायणपुर एसपी सदानंद कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के मुताबिक सदानंद कुमार के सर पर चोट आई है जिन्हें अस्पताल ले जाया गया है। सदानंद कुमार के सर पर टांके भी लगाए गए हैं। फिलहाल उनकी स्थिति सामान्य बताई जा रही है इधर हालात को देखते हुए आईजी सुंदर राज पी मौके के लिए रवाना हो गए।
उन्होंने बताया कि फिलहाल हालात सामान्य हैं और स्थिति को काबू में कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि वह खुद मौके के लिए रवाना हो रहे हैं। अभी विस्तृत जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।
बताया जाता है कि पुलिस बल ने उन लोगों की तलाश शुरू कर दी है जिन्होंने इस घटना को अंजाम दिया है. इन लोगों पर ग्रामीणों को भड़काने और अनावश्यक विवाद खड़ा करने का आरोप है
कोंडागांव में पुलिस को ग्रामीणों तो दौड़ाया
बस्तर के कोण्डागांव इलाके में धर्मांतरण की खबर आने के बाद ग्रामीणों का गुस्सा पुलिस पर फूट पड़ा. एक पुलिस इंस्पेक्टर के हस्तक्षेप को लेकर ग्रामीण इतना बौखलाए कि हाथापाई पर उतर आए और पुलिस इंस्पेक्टर को जान बचाकर भागना पड़ा. ग्रामीणों ने उसे काफी देर तक दौड़ाया.
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है जिसे आप इस खबर के साथ भी देख सकते हैं. भाजपा नेता गौरी शंकर श्रीवास ने यह वीडियो अपने सोशल मीडिया एकाउंट पर शेयर करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ माडल— छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार की धर्मान्तरण जैसे विषय पर लचर नीति के चलते एक पुलिस इन्स्पेक्टर को जान बचाने भागना पड़ता है. शर्मनाक-मामला कोंडागाँव का.
बताया जाता है कि तथाकथित रूप से कुछ ईसाई संगठन ग्राम में पहुंचकर ईसाई गतिविधियों का प्रचार प्रसार कर रहे थे जिसका ग्रामीणों ने विरोध किया. इस दौरान मारपीट भी हो गई. इसी मामले का संज्ञान लेने के लिए पुलिस इंस्पेक्टर घटनास्थल पहुंचे थे. वे ग्रामीणों को कानून हाथ में ना लेने की चेतावनी दी रहे थे कि तभी कुछ ग्रामीण महिलाएं पुलिस इंस्पेक्टर पर भड़क गईं और उस पर धावा बोल दिया. पुलिस इंस्पेक्टर ने जैसे तैसे भागकर अपनी जान बचाई




