#Social

अग्रसेन महाविद्यालय में योग दिवस पर लिया गया प्रतिदिन योग का संकल्प


Raipur. रायपुर। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर पुरानी बस्ती स्थित अग्रसेन महाविद्यालय में योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें शिक्षकों और छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में योग के प्रति जागरूकता फैलाना और इसे नियमित दिनचर्या में शामिल करने के लिए प्रेरित करना था। कार्यक्रम की शुरुआत महाविद्यालय के डायरेक्टर डॉ. वी. के. अग्रवाल द्वारा की गई, जिन्होंने उपस्थित सभी विद्यार्थियों और शिक्षकों को प्रत्येक दिन योग करने की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा, “योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि एक साधना है, जो चित्त को शांति और जीवन को संतुलन प्रदान करती है। स्वस्थ जीवनशैली के लिए योग आवश्यक है।” एडमिनिस्ट्रेटर डॉ. अमित अग्रवाल ने अपने वक्तव्य में कहा कि योग व्यक्ति को शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत बनाता है।
उन्होंने यह भी जोड़ा कि “आज युवाओं में जो असंतुलन, तनाव और आक्रोश दिखाई देता है, वह अनियमित जीवनशैली का परिणाम है। योग से मन को शांति मिलती है और संतुलन बना रहता है।” महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. यूलेन्द्र राजपूत ने योग के चिकित्सीय पक्ष को उजागर करते हुए कहा कि नियमित योग अभ्यास से रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है और व्यक्ति मानसिक रूप से अधिक सक्षम होता है। तकनीकी सलाहकार श्री अनुराग अग्रवाल ने कहा कि “योग भारतीय संस्कृति का अभिन्न अंग है और इसका वैश्विक महत्व दिन-ब-दिन बढ़ता जा रहा है।” उन्होंने यह भी बताया कि विश्वभर में आज योग को अपनाया जा रहा है, जिससे भारत की सांस्कृतिक पहचान और मजबूत हुई है। कार्यक्रम का सफल संचालन योग विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. मंजू ठाकुर द्वारा किया गया। योग अभ्यास के दौरान छात्रों को विभिन्न आसनों और प्राणायामों की जानकारी दी गई और उनके लाभ बताए गए। कार्यक्रम के अंत में यह संदेश दिया गया कि “योग अपनाओ, रोग भगाओ” केवल नारा नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवन का मूल मंत्र है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button