अपहृत आउटसोर्सिंग कंपनी के मैनेजर को पुलिस ने 12 घंटे के अंदर किया बरामद, चार गाड़ियों में आए थे बदमाश

हजारीबाग: झारखंड के हजारीबाग जिले में आउटसोर्सिंग कंपनी के एक मैनेजर के अपहरण की घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 12 घंटे के अंदर उन्हें कोडरमा से सकुशल बरामद कर लिया है। पुलिस ने मामले में कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में अपहरण के पीछे लेनदेन से जुड़े विवाद की आशंका जताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, 31 अक्टूबर की देर रात चार वाहनों पर सवार होकर आए अपराधी हजारीबाग के तापीन साउथ कोयला क्षेत्र पहुंचे। उन्होंने आउटसोर्सिंग कंपनी के प्रबंधक को जबरन अपने साथ लिया और वहां से फरार हो गए। चार वाहनों के काफिले के साथ अपराधियों के पहुंचने और प्रबंधक को अगवा किए जाने की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया।

घटना की सूचना मिलते ही हजारीबाग के पुलिस अधीक्षक अमन कुमार ने पुलिस की कई टीमों को सक्रिय किया। पुलिस ने संभावित ठिकानों पर छापेमारी शुरू की और तकनीकी सूचनाओं के आधार पर तलाश शुरू की। लगातार अभियान के दौरान पुलिस को कोडरमा में उनका पता चला, जहां से उन्हें सुरक्षित बरामद कर लिया गया।

एसपी अमन कुमार ने बताया कि कुछ लोगों ने एक व्यक्ति के अपहरण की सूचना दी थी। सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की और कोडरमा से अपहृत व्यक्ति को सकुशल बरामद कर लिया। इस मामले में कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में मामला लेनदेन के विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। हालांकि, अपहरण की वास्तविक वजह, वारदात में शामिल लोगों की संख्या और घटना की पूरी साजिश को लेकर अभी जांच जारी है। पुलिस हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ कर रही है। पूछताछ और जांच पूरी होने के बाद ही घटना के अन्य पहलुओं का खुलासा हो सकेगा।


Source link

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button