#Social

आफत की बारिश से 37 पेयजल योजनाएं क्षतिग्रस्त


बीबीएन। मंगलवार रात से हो रही मूसलधार बारिश ने औद्योगिक क्षेत्र बद्दी-नालागढ़ में जलशक्ति विभाग की बुनियादी ढांचे को भारी नुकसान पहुंचाया है। नालागढ़ डिवीजन में जहां दस उठाऊ पेयजल योजनाएं प्रभावित हुई हैं। वहीं, बद्दी डिवीजन में 27 पेयजल और चार सिंचाई योजनाएं क्षतिग्रस्त हुई हैं। विभागीय अधिकारियों ने दोनों डिवीजनों में अब तक कुल नुकसान करीब तीन करोड़ रुपए आंका है। अधिशाषी अभियंता नालागढ नीरज गुप्ता ने बताया कि नालागढ़ डिवीजन के तहत बेहली-बोंटा, ओड़ा-दिग्गल, रामशहर उठाऊ पेयजल योजना सहित कुल दस योजनाएं बारिश से प्रभावित हुई हैं। इन योजनाओं को बहाल करने के लिए विभाग प्रयासरत है, लेकिन कुछ इलाकों में सडक़ मार्ग बंद होने से बहाली कार्य बाधित हो रहा है। अनुमानित रूप से इनसे विभाग को लगभग 6.5 लाख का नुकसान हुआ है। बद्दी डिवीजन में स्थिति और भी गंभीर है।
अधिशासी अभियंता राहुल अबरोल ने बताया कि बारिश से 27 पेयजल योजनाएं और चार सिंचाई योजनाएं बुरी तरह प्रभावित हुई हैं। इनसे विभाग को एक करोड़ 71 लाख का अनुमानित नुकसान हुआ है। इसके अतिरिक्त सीवरेज लाइनों को भी भारी क्षति पहुंची है, जिससे 21 लाख रुपए का नुकसान आंकड़ा गया है। बद्दी की चंडी पेयजल योजना, जिससे क्षेत्र की 14 पंचायतों को पानी आपूर्ति होती है, भी क्षतिग्रस्त हुई है। इसी तरह भटोलीकलां योजना जो बद्दी के बड़े हिस्से को जल आपूर्ति करती है भी प्रभावित है। खरोटा, गुरदासपुरा, कथ, लोह तुझार, पट्टा ताल सहित दो दर्जन से अधिक ग्रामीण योजनाएं भी बारिश की भेंट चढ़ चुकी हैं। बोर्ड के अधिकारियों ने बताया कि मौसम और सडक़ मार्ग सामान्य होने के बाद ही बहाली कार्य पूरी रफ्तार पकड़ पाएंगे। बोर्ड ने नुकसान का प्रारंभिक आकलन तैयार कर लिया है और वैकल्पिक आपूर्ति के जरिए प्रभावित क्षेत्रों में राहत पहुंचाई जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button