#Social

इंदौर की घटना पर राहुल गांधी का सवाल, 'जिम्मेदारी से कब तक आंख चुराएंगे?'


नई दिल्ली: मध्य प्रदेश के इंदौर में सेना के ट्रेनी अधिकारी से लूटपाट और उनकी महिला मित्र से कथित गैंगरेप मामले को लेकर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने भाजपा पर निशाना साधा है।
उन्होंने कहा कि भाजपा शासित राज्यों की कानून व्यवस्था लगभग अस्तित्वहीन है और महिलाओं के खिलाफ दिन-प्रतिदिन बढ़ते अपराधों पर भाजपा सरकार का नकारात्मक रवैया अत्यंत चिंताजनक है। राहुल गांधी ने भाजपा सरकार पर वार करते हुए पूछा कि देश की आधी आबादी की रक्षा की जिम्मेदारी से कब तक आंख चुराएंगे?
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने गुरुवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ”मध्य प्रदेश में सेना के दो जवानों के साथ हिंसा और उनकी महिला साथी के साथ दुष्कर्म पूरे समाज को शर्मसार करने के लिए काफी है। भाजपा शासित राज्यों की कानून व्यवस्था लगभग अस्तित्वहीन है और महिलाओं के खिलाफ दिन-प्रतिदिन बढ़ते अपराधों पर भाजपा सरकार का नकारात्मक रवैया अत्यंत चिंताजनक है।” उन्होंने आगे लिखा, ”अपराधियों की ये निर्भीकता प्रशासन की पूर्ण नाकामी का परिणाम है और इस कारण देश में पनपता असुरक्षित वातावरण भारत की बेटियों की स्वतंत्रता, उनकी आकांक्षाओं पर बंदिश है। समाज और सरकार दोनों शर्मिंदा हों और गंभीरता से विचार करें, देश की आधी आबादी की रक्षा की जिम्मेदारी से कब तक आंख चुराएंगे।”
वहीं, कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा ने भी इंदौर की घटना को लेकर सोशल मीडिया पर आक्रोश जाहिर किया। उन्होंने एक्स पोस्ट में लिखा, ”मध्य प्रदेश में सेना के अधिकारियों को बंधक बनाकर महिला से गैंगरेप एवं उत्तर प्रदेश में हाईवे पर एक महिला का निर्वस्त्र शव मिलने की घटनाएं दिल दहलाने वाली हैं। देश में हर दिन 86 महिलाएं बलात्कार और बर्बरता की शिकार हो रही हैं। घर से लेकर बाहर तक, सड़क से लेकर दफ्तर तक, महिलाएं कहीं भी सुरक्षित नहीं हैं। देश की आधी आबादी ना सिर्फ असुरक्षित है, बल्कि ऐसी बर्बरताओं की वजह से हर दिन करोड़ों महिलाओं का हौसला टूटता है। महिलाओं की सुरक्षा को लेकर प्रधानमंत्री जी बड़ी-बड़ी बातें तो करते हैं, लेकिन देशभर की महिलाएं अब भी अपनी सुरक्षा के लिए एक गंभीर प्रयास का इंतजार कर रही हैं। यह इंतजार आखिर कब खत्म होगा?”
मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने एक्स पर लिखा, ”किसान, महिला और जवान, मध्य प्रदेश को बना दिया है, इनके लिए श्मशान। महू में सैन्य अधिकारियों को बंदी बनाकर उनकी साथी के साथ बलात्कार की घटना बहुत पीड़ादायक है। विडंबना देखिए कि जो जवान सीमा पर देश की सुरक्षा करता है, वही आज मध्य प्रदेश में सुरक्षित नहीं है। इससे ज़्यादा शर्मनाक बात क्या होगी? मुख्यमंत्री ने मध्य प्रदेश को अपराध प्रदेश बना दिया है, जहां महिला, दलित, आदिवासी, जवान, किसान, सब पर अत्याचार हो रहा है।”
बता दें कि इंदौर के महू में दो ट्रेनी आर्मी जवान अपनी दो महिला मित्रों के साथ फायरिंग रेंज पर पिकनिक के लिए निकले थे। इस दौरान करीब छह बदमाशों ने चारों को बंधक बनाया और मारपीट कर उनसे लूटपाट की। इतना ही नहीं बदमाशों ने उनसे 10 लाख रुपये की डिमांड भी की। इसी दौरान बदमाशों ने एक महिला जवान और उसके साथी को बंधक बना लिया। जबकि, दूसरे जवान और उसकी महिला साथी को पैसे लेने के लिए भेज दिया। आरोप है कि एक महिला साथी से बंदूक की नोक पर गैंगरेप भी किया गया। पुलिस ने वारदात में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button