#Social

ईरान से भारतीयों की वापसी शुरू, ‘ऑपरेशन सिंधु’ के तहत महान एयर की फ्लाइट पहुंची दिल्ली

New Delhi. नई दिल्ली। ईरान और इजरायल के बीच जारी तनाव के बीच ईरान में फंसे भारतीय नागरिकों की सुरक्षित वापसी का सिलसिला शुरू हो चुका है। भारत सरकार द्वारा चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन सिंधु’ के तहत शुक्रवार रात को ईरान की राजधानी तेहरान से पहली उड़ान भारतीयों को लेकर नई दिल्ली पहुंच गई। जानकारी के मुताबिक, महान एयर (Mahan Air) की उड़ान संख्या W571 ने शुक्रवार शाम भारतीय समयानुसार 6:30 बजे तेहरान स्थित इमाम खोमैनी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से उड़ान भरी और करीब रात 11:30 बजे यह विमान दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सुरक्षित लैंड कर गया।
ईरान की जमीन से ‘ऑपरेशन सिंधु’ की पहली सीधी उड़ान
इससे पहले ‘ऑपरेशन सिंधु’ के तहत आर्मेनिया से पहला जत्था गुरुवार तड़के भारत पहुंचा था, लेकिन ईरान की धरती से सीधा उड़ान भरकर भारतीय नागरिकों का यह पहला जत्था शुक्रवार रात दिल्ली पहुंचा। शनिवार को भी ईरान से दो और विमान भारतीय नागरिकों को लेकर भारत पहुंचने वाले हैं।
वायु मार्ग और सुरक्षा के विशेष इंतजाम
महान एयर की इस फ्लाइट ने पाकिस्तान की वायु सीमा पार कर राजस्थान के रास्ते भारत में प्रवेश किया और फिर दिल्ली पहुंची। इस रूट को भारत और ईरान दोनों देशों की सरकारों ने मिलकर सुरक्षा की दृष्टि से चुना। भारत सरकार ने ईरान में रह रहे हजारों भारतीयों की सुरक्षा और वापसी सुनिश्चित करने के लिए त्वरित कदम उठाए। विदेश मंत्रालय, नागरिक उड्डयन मंत्रालय और एयरलाइंस कंपनियों के समन्वय से ऑपरेशन सिंधु को प्रभावी रूप से क्रियान्वित किया जा रहा है।
भारत लौटे यात्रियों की स्क्रीनिंग और सहायता
दिल्ली एयरपोर्ट पर आव्रजन, स्वास्थ्य परीक्षण और सहायता केंद्र की व्यवस्था की गई थी। लौटे यात्रियों का मेडिकल चेकअप कराया गया और उन्हें आवश्यक सुविधा प्रदान की गई। सरकारी एजेंसियों ने पूरी सतर्कता और संवेदनशीलता के साथ इस प्रक्रिया को अंजाम दिया। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा कि “भारत सरकार अपने हर नागरिक की सुरक्षा को सर्वोपरि मानती है। ऑपरेशन सिंधु तब तक जारी रहेगा जब तक सभी भारतीयों को सुरक्षित स्वदेश नहीं लाया जाता।” मंत्रालय ने परिजनों से संयम बनाए रखने की अपील की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button