एक फोटो…और खत्म हो गई जिंदगी! पत्नी के साथ वायरल तस्वीर देख आपा खो बैठा पति, आशिक का कर दिया ‘The End’

रामपुर: उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले में डंपर चालक चंद्रपाल उर्फ चंचल की हत्या का मामला अब नए खुलासों के साथ सामने आया है. पुलिस का दावा है कि इस सनसनीखेज हत्याकांड के पीछे कथित अवैध संबंध और सोशल मीडिया पर वायरल हुई आपत्तिजनक तस्वीरें वजह बनीं. मामले में नामजद मुख्य आरोपी योगेश को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है. मुठभेड़ के दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है.

जानकारी के अनुसार, पटवाई थाना क्षेत्र में बीते 29 जून की रात चंद्रपाल उर्फ चंचल की एक पंचर की दुकान के सामने गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. वारदात के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया और परिजनों के साथ स्थानीय लोगों ने विरोध प्रदर्शन भी किया. मृतक के परिवार की शिकायत पर पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी.

पुलिस के मुताबिक, आरोपियों की तलाश के दौरान चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था. इसी दौरान बाइक पर आता दिखा मुख्य आरोपी योगेश पुलिस को देखकर भागने लगा. पीछा किए जाने पर उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी. पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें योगेश घायल हो गया. उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया और बाद में पुलिस अभिरक्षा में उसका उपचार शुरू कराया गया.

जांच के दौरान पुलिस के सामने जो तथ्य आए, उनके अनुसार योगेश की पत्नी और मृतक चंद्रपाल उर्फ चंचल के बीच कथित रूप से अवैध संबंध थे. पुलिस का कहना है कि दोनों की कुछ आपत्तिजनक तस्वीरें भी वायरल हो गई थीं. इन तस्वीरों के कारण योगेश को रिश्तेदारों और समाज में बदनामी का सामना करना पड़ रहा था. इसी रंजिश में उसने अपने भाई मुनेश और एक अन्य साथी विनोद के साथ मिलकर चंचल की हत्या की साजिश रची और वारदात को अंजाम दिया.

अपर पुलिस अधीक्षक अनुराग सिंह ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर योगेश को मुख्य आरोपी बनाया गया था. जांच आगे बढ़ने पर कथित अवैध संबंध और वायरल तस्वीरों का मामला सामने आया. उन्होंने बताया कि गिरफ्तारी के दौरान आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग की, जिसके बाद आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की गई. फिलहाल आरोपी का इलाज चल रहा है, जबकि उसके अन्य साथियों की तलाश जारी है. पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.


Source link

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button