एक ही रात में चार दुकानों के ताले टूटे, दुकानों

खैरागढ़। CG NEWS: जिले के गंडई थाना क्षेत्र के ग्राम नर्मदा में एक ही रात चार दुकानों में चोरी की वारदात ने व्यापारियों में दहशत फैला दी है। मंगलवार और बुधवार की दरमियानी रात नर्मदा चौक स्थित गायत्री मेडिकल स्टोर, हीरा फैंसी स्टोर, तनु कृषि केंद्र और वर्षा कंप्यूटर सेंटर के ताले तोड़कर अज्ञात चोर नकदी और कीमती सामान लेकर फरार हो गए। बुधवार सुबह दुकानदारों के पहुंचने पर घटना का खुलासा हुआ।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार चारों दुकानों से करीब 30 हजार रुपये से अधिक की नकदी और सामान चोरी हुआ है। वास्तविक नुकसान का आकलन अभी किया जा रहा है। पूरी वारदात आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। फुटेज में दो से अधिक संदिग्ध युवक देर रात दुकानों के आसपास घूमते और ताले तोड़ते दिखाई दे रहे हैं। इससे किसी संगठित गिरोह के शामिल होने की आशंका जताई जा रही है।

घटना के बाद व्यापारियों ने पुलिस से आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है। पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर सीसीटीवी फुटेज कब्जे में ले लिया है और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों की तलाश शुरू कर दी है।
Source link




