#Social
कसौली से गढख़ल सडक़ पर मील पत्थर पर लिखा किलोमीटर गायब

Dharampur. धर्मपुर। धर्मपुर स्थित कसौली चौक से गढख़ल सडक़ पर लोक निर्माण विभाग की ओर से किलोमीटर की दूरी को दिखाने के लिए मिल पत्थर लगाया गया है, लेकिन पिछले काफी समय से मिल पत्थर से किमी ही गायब है, जिसके कारण गढख़ल व कसौली की दूरी का पता ही नहीं चल सकता, जिसके कारण पर्यटकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, लोक निर्माण विभाग की ओर से बड़ी लापरवाही मानी जा रही है कि लोक निर्माण विभाग के अधिकारीयों का भी अभी तक इस ओर ध्यान नहीं गया। हालांकि लोक निर्माण विभाग के आला अधिकारी हर रोज इस सडक़ से आवाजाही करते हैं।
लेकिन शायद इस ओर उनका ध्यान ही नहीं गया होगा। हालांकि ऐसे मील पत्थर काफी स्थानों पर मिल जाएंगे, जिनसे किमी. ही गायब है या मील पत्थर भूमि में दब गए हैं। लोगों का मानना है कि इस लापरवाही के कारण पर्यटन क्षेत्र मे पर्यटकों के सामने प्रदेश की स्थिति धूमिल होती है। हालांकि इस सडक़ का काम चल रहा है और माना जा रहा है कि जल्द लोक निर्माण विभाग मील पत्थर पर किमी. की दूरी को दोबारा से लिखेगा ताकि बाहरी राज्य के पर्यटकों को कसौली की दूरी को देखने में सहायता मिल सकेगी। लोक निर्माण विभाग कसौली के सहायक अभियंता विशाल भारद्वाज ने बताया की माइलेज स्टोन को जल्द ठीक करवा दिया जाएगा।




