#Social

कॉर्बेट टाइगर रिजर्व के कालागढ़ रेंज में वयस्क नर हाथी का मिला शव, जांच जारी


Nainital. नैनीताल। उत्तराखंड के कॉर्बेट टाइगर रिजर्व के अंतर्गत कालागढ़ रेंज की कालागढ़ दक्षिणी बीट, धारा ब्लॉक के कंपार्टमेंट संख्या 4 और 5 में गश्त के दौरान वन विभाग की टीम को एक वयस्क नर हाथी का शव मिला है। शव नूनगढ़ सहायक नाले के पास झाड़ियों में पाया गया। प्रारंभिक जांच में शव 5 से 7 दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। हाथी के दोनों दांत सुरक्षित पाए गए हैं, जिससे शिकार की आशंका को प्राथमिक तौर पर खारिज किया गया है। वन विभाग ने प्रथम दृष्टया हाथी की मौत का कारण प्राकृतिक माना है।

घटना की जानकारी मिलते ही वनकर्मियों ने तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को सूचित किया। सूचना पर तुरंत कार्रवाई करते हुए वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की गई। कॉर्बेट टाइगर रिजर्व के निदेशक डॉ. साकेत बडोला ने बताया कि देर शाम नियमित गश्त के दौरान वनकर्मियों ने नूनगढ़ सहायक नाले के पास शव देखा।

हाथी के सभी अंग सुरक्षित हैं और प्रारंभिक जांच में किसी हिंसक गतिविधि या शिकार के कोई संकेत नहीं मिले हैं। प्रथम दृष्टया मौत प्राकृतिक कारणों से हुई प्रतीत होती है। डॉ. बडोला ने बताया कि वन विभाग के प्रोटोकॉल के अनुसार शव का पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है। इसके लिए वरिष्ठ वन अधिकारियों की निगरानी में अनुभवी पशु चिकित्सकों की एक टीम गठित की गई है, जो पोस्टमार्टम की प्रक्रिया को अंजाम दे रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सटीक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। उल्लेखनीय है कि कॉर्बेट

टाइगर रिजर्व में हाथियों की संख्या अच्छी मानी जाती है और यहां की निगरानी व्यवस्था को भी मजबूत माना जाता है। इस घटना में वन्यजीव की मृत्यु स्वाभाविक लग रही है, लेकिन वन विभाग कोई भी ढिलाई बरतना नहीं चाहता, इसलिए मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। डॉ. बडोला ने कहा, “हम मामले की हर पहलू से जांच कर रहे हैं। यदि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में कोई संदेहास्पद तथ्य सामने आता है तो उस आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।”

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button