#Social
कोतरारोड़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई: सुनसान रास्ते पर लूट करने वाले चार बदमाश गिरफ्तार

Raigarh. रायगढ़। कोतरारोड़ पुलिस ने देर रात सुनसान मार्ग पर लूटपाट की वारदात को अंजाम देने वाले चार शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर बड़ा खुलासा किया है। पुलिस ने आरोपियों से लूटा गया रेडमी 5जी टच स्क्रीन मोबाइल और वारदात में प्रयुक्त डिलक्स मोटरसाइकिल बरामद की है। इस कार्रवाई ने इलाके में सक्रिय लुटेरों के गिरोह पर लगाम लगाने में पुलिस को सफलता दिलाई है। घटना 11 अगस्त की रात हुई, जब ग्राम नावापारा निवासी सुंदर दास महंत (50 वर्ष) अपने साथी स्वलाल महंत के साथ ग्राम सपोस दशकर्म
कार्यक्रम से मोटरसाइकिल पर लौट रहे थे। रात करीब 10 से 11 बजे के बीच ग्राम लिटाईपाली नाला पुल के पास अंधेरे में छिपे कुछ युवकों ने उनका रास्ता रोक लिया। बदमाशों ने गाली-गलौज करते हुए हाथ-मुक्कों और डंडों से हमला किया और सुंदर दास का रेडमी 5जी मोबाइल छीनकर मौके से भाग निकले।
अगली सुबह पीड़ित सुंदर दास महंत ने थाना कोतरारोड़ पहुंचकर घटना की जानकारी थाना प्रभारी निरीक्षक मोहन भारद्वाज को दी। सूचना मिलते ही पुलिस ने अपराध क्रमांक 331/2025, धारा 119, 126, 309, 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया और वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी। तत्काल पुलिस टीम को आरोपियों की तलाश में लगाया गया। जांच के दौरान पीड़ित ने एक आरोपी की पहचान कृष्णा भारद्वाज के रूप में की। पुलिस ने उसे घर से हिरासत में लिया, जहां पूछताछ में उसने अपने साथियों विजय भारद्वाज, प्रदीप टंडन और विरू सिदार के साथ वारदात को अंजाम देने की बात कबूल की। आरोपियों ने बताया कि वे ग्राम लिटाईपाली नाला पुल को अपना अड्डा बनाकर रात के समय राहगीरों को रोकते थे, पैसे की मांग करते थे और विरोध करने पर उन्हें डराते-धमकाते थे। पुलिस ने कृष्णा भारद्वाज के मेमोरेंडम पर लूटा गया मोबाइल और घटना में प्रयुक्त डिलक्स मोटरसाइकिल (CG 13 M 0619) बरामद कर जब्त कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी
कृष्णा भारद्वाज पिता प्यारेलाल भारद्वाज, 19 वर्ष, ग्राम लिटाईपाली, थाना कोतरारोड़
विजय भारद्वाज पिता प्रेमलाल भारद्वाज, 22 वर्ष, ग्राम लिटाईपाली, थाना कोतरारोड़
प्रदीप टंडन पिता रामचंद्र टंडन, 20 वर्ष, ग्राम भेड़वन, थाना सारंगढ़, वर्तमान पता भगनडीपा किराया मकान, थाना जूटमिल
विरू सिदार पिता जगदीश प्रसाद सिदार, 23 वर्ष, ग्राम लिटाईपाली, थाना कोतरारोड़, सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस टीम की भूमिका
इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी मोहन भारद्वाज, प्रधान आरक्षक करुणेश कुमार राय, आरक्षक संदीप कौशिक और शंभू चौहान की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस का कहना है कि इस गिरफ्तारी से इलाके में राहगीरों से लूटपाट की घटनाओं पर रोक लगेगी और आमजन में सुरक्षा का भाव बढ़ेगा।




