#Social
कौलडेम में दिया दस लाख का गिफ्ट

Barmana. बरमाणा। एनटीपीसी कोलडैम द्वारा सीएसआर कार्यों के अंतर्गत नागरिक चिकित्सालय, सुंदरनगर को दस लाख रुपये के चिकित्सा उपकरण प्रदान किए गए। इन उपकरणों का उद्घाटन एनटीपीसी कोलडैम परियोजना प्रमुख सुभाष ठाकुर द्वारा सोमवार को किया गया, जिसके पश्चात इन्हें नागरिक चिकित्सालय, सुंदरनगर को सौंप दिया गया। इस अवसर पर उपस्थित विशेष अतिथि एसडीएम सुंदरनगर अमर नेगी तथा नागरिक चिकित्सालय सुंदरनगर के डॉक्टरों एवं अधिकारियों ने जनहित कार्य के लिए एनटीपीसी कोलडैम प्रबंधन का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि चिकित्सा उपकरणों की उपलब्धता से सुंदरनगर एवं आसपास के रोगियों की जांच एवं उपचार में अत्यधिक सहायता
प्राप्त होगी।
नागरिक चिकित्सालय सुंदरनगर द्वारा जिला प्रशासन मंडी के माध्यम से एनटीपीसी कोलडैम से आग्रह किया गया था कि चिकित्सा उपकरणों की कमी के कारण मरीजों की जांच में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। अत: एनटीपीसी कोलडैम से आग्रह किया गया कि वह अपने सीएसआर के अंतर्गत नागरिक चिकित्सालय सुंदरनगर को चिकित्सा उपकरणों की खरीद में सहयोग प्रदान करें। जिला प्रशासन, मंडी द्वारा प्रस्तुत इस जनहितपूर्ण मांग को स्वीकार करते हुए एनटीपीसी कोलडैम द्वारा सीएसआर गतिविधियों के अंतर्गत नागरिक चिकित्सालय सुंदरनगर को चिकित्सा उपकरणों की खरीद के लिए दस लाख रुपये की राशि उपलब्ध करवाई गई। इस मौके पर एनटीपीसी कोलडैम से राजेश बिश्नोई (मुख्य चिकित्सा अधिकारी), अप्पर महाप्रबंधक टी एंड एस शशि कुमार, वरिष्ठ प्रबंधक डा. अंजुला अग्रवाल, सह प्रबंधक पूरन सिंह तथा नागरिक चिकित्सालय सुंदरनगर के अन्य अधिकारी एवं डॉक्टर उपस्थित रहे।




