खेत के बोरघर में मिला शराब का जखीरा, दो गिरफ्तार
तलाशी के दौरान पुलिस को कुल 497 पौवा अंग्रेजी शराब मिली। इसमें उत्तराखंड निर्मित बताई गई रॉयल गोवा स्प्रीट के 429 पौवा और छत्तीसगढ़ की जम्मू स्पेशल व्हिस्की के 68 पौवा शामिल हैं। बरामद शराब की कुल मात्रा 89.46 बल्क लीटर और कीमत करीब 47 हजार 462 रुपए बताई गई है। कार्रवाई के दौरान पुलिस को शराब के अलावा बड़ी संख्या में पैकिंग से संबंधित सामग्री भी मिली। मौके से 2,820 स्टीकर, 2,541 लेबल, 303 खाली प्लास्टिक की बोतलें, 598 ढक्कन और एक कैंची बरामद की गई है। इतनी बड़ी संख्या में स्टीकर, लेबल और खाली बोतल मिलने के बाद पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि इनका इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया जा रहा था।
पुलिस ने मौके पर मौजूद लोगों से शराब से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे। दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर बोरघर के मालिक दउवा वर्मा (60) को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने उससे मामले को लेकर पूछताछ की। पूछताछ और जांच के आधार पर दउवा वर्मा के भांजे नंदकिशोर वर्मा उर्फ छोटा कट्टी (25) को भी गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार मामले में महेंद्र वर्मा उर्फ बड़े कट्टी (28) की भूमिका भी सामने आई है, जो फिलहाल फरार है। उसकी तलाश की जा रही है।
पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2), 36 और 59 के तहत मामला दर्ज किया है। बरामद शराब के नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद शराब की प्रकृति और अन्य तथ्यों के संबंध में स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी। खेत के बोरघर से शराब के साथ हजारों स्टीकर और लेबल मिलने को पुलिस गंभीरता से ले रही है। विशेष रूप से अलग-अलग ब्रांड से संबंधित शराब और पैकिंग सामग्री मिलने के कारण पूरे मामले से जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
Source link




