गैस सिलेंडर फटने से दर्दनाक हादसा, पति की मौत, पत्नी गंभीर रूप से घायल

Rajgarh. राजगढ़। राजगढ़ जिले के ब्यावरा शहर में रविवार तड़के एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। शिवधाम कॉलोनी में रसोईघर में रखे गैस सिलेंडर में अचानक आग लगने के बाद हुए जोरदार विस्फोट में पति की मौत हो गई, जबकि पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद कॉलोनी में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल फैल गया। जानकारी के अनुसार यह घटना सुबह करीब 5 बजे राजगढ़ बायपास स्थित शिवधाम कॉलोनी में सुरेंद्र सिंह भल्ला (60) के घर हुई। बताया जा रहा है कि घर के रसोईघर में रखे गैस सिलेंडर में अचानक आग लग गई, जिसके कुछ ही देर बाद जोरदार धमाका हुआ। विस्फोट इतना तेज था कि आसपास के लोग नींद से जाग गए और पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

इस हादसे में सुरेंद्र सिंह भल्ला और उनकी पत्नी पद्मा भल्ला गंभीर रूप से झुलस गए। दोनों को तुरंत स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए भोपाल रेफर किया गया। हालांकि रास्ते में नरसिंहगढ़ के पास सुरेंद्र सिंह ने दम तोड़ दिया। घटना के समय दंपती घर में अकेले थे। घर में पीएनजी गैस कनेक्शन के साथ एलपीजी सिलेंडर भी मौजूद था, जिससे यह मामला और भी संदिग्ध हो गया है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि आग पहले लगी या विस्फोट पहले हुआ, या फिर किसी तकनीकी खराबी के कारण यह हादसा हुआ। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल ब्यावरा में पोस्टमार्टम कराया और मर्ग कायम कर लिया है।

स्थानीय लोगों के अनुसार धमाका इतना तेज था कि आसपास के घरों में भी कंपन महसूस किया गया। कई लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन तब तक काफी नुकसान हो चुका था। पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है और तकनीकी जांच के लिए साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। प्रारंभिक तौर पर यह माना जा रहा है कि गैस लीकेज या सिलेंडर में तकनीकी खराबी इस हादसे की वजह हो सकती है, लेकिन इसकी पुष्टि जांच के बाद ही होगी। इस घटना के बाद शिवधाम कॉलोनी में शोक और दहशत का माहौल है। पड़ोसी परिवार इस हादसे को बेहद दर्दनाक बता रहे हैं और पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना जता रहे हैं। फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है और गैस कंपनी के तकनीकी विशेषज्ञों से भी राय ली जा रही है ताकि हादसे की असली वजह सामने आ सके।

Source link

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button