गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में मतगणना जारी, सपा प्रत्याशी संजयन त्रिपाठी ने जताया जीत का भरोसा

गोरखपुर: गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में स्नातक और शिक्षक एमएलसी चुनाव की मतगणना शुरू हो गई है। निर्वाचन क्षेत्र के 17 जिलों के 200 मतदेय स्थलों से आईं मतपेटियां खोली जा चुकी हैं और मतगणना की प्रक्रिया लगातार जारी है। इसी बीच समाजवादी पार्टी (सपा) के प्रत्याशी संजयन त्रिपाठी ने अपनी जीत को लेकर भरोसा जताया है। उन्होंने कहा कि उन्हें शिक्षकों का व्यापक समर्थन मिला है और पूरी उम्मीद है कि वह अच्छे अंतर से जीत हासिल करेंगे।

मतगणना के दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए सपा प्रत्याशी संजयन त्रिपाठी ने कहा कि उन्होंने वर्षों से शिक्षकों के बीच रहकर काम किया है। इस मेहनत और शिक्षकों से मिले समर्थन के आधार पर उन्हें अपनी जीत का पूरा विश्वास है। उन्होंने कहा कि फिलहाल वोटों का सटीक आंकड़ा बताना संभव नहीं है, लेकिन जिस तरह से उन्हें समर्थन मिला है, उससे उम्मीद है कि परिणाम उनके पक्ष में आएगा और वह बड़े अंतर से जीत दर्ज करेंगे।

संजयन त्रिपाठी ने चुनाव में नियुक्त पर्यवेक्षक की पृष्ठभूमि को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि पर्यवेक्षक का पिछला रिकॉर्ड विवादित रहा है। पर्यवेक्षक के खिलाफ सीबीआई की चार्जशीट और छापेमारी के दौरान करोड़ों रुपये बरामद होने से संबंधित आरोपों को लेकर सवाल उठाए गए थे।

सपा प्रत्याशी ने कहा कि चुनाव जैसी महत्वपूर्ण प्रक्रिया में निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखना बेहद जरूरी है। इसके लिए पर्यवेक्षक के पद पर ऐसे व्यक्ति की नियुक्ति होनी चाहिए, जिसकी निष्पक्षता पर कोई सवाल न उठे। उन्होंने बताया कि पर्यवेक्षक को हटाने की मांग को लेकर अभियान चलाया गया था। साथ ही, उन्होंने इस मामले में चुनाव आयोग की कार्रवाई पर आभार जताया और कहा कि निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने की दिशा में उठाए गए कदम सराहनीय हैं।

गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में मतगणना जारी रहने के कारण प्रत्याशियों और उनके समर्थकों की निगाहें परिणामों पर टिकी हुई हैं। सपा प्रत्याशी संजयन त्रिपाठी ने अपनी जीत को लेकर विश्वास व्यक्त किया है, अंतिम नतीजे घोषित होने के बाद ही चुनावी तस्वीर पूरी तरह स्पष्ट होगी।

प्रशासन के अधिकारियों ने मतगठना स्थल पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं, बिना जांच के किसी को भी अंदर नहीं जाने दिया जा रहा है। जिनके पास जाने के लिए वैध दास्तावेज हैं, उन्हीं को जाने दिया जा रहा है। पूरे इलाके में भारी पुलिस फोर्स तैनात की गई है और आसपास भीड़ एकत्रित नहीं होने दी जा रही है।


Source link

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button