घर में सोता रहा परिवार, चोर ने डेढ़ घंटे तक खंगाला पूरा मकान

Uttar Pradesh. उत्तर प्रदेश। गाजियाबाद के विजयनगर थाना क्षेत्र में चोरी की एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है। यहां एक चोर देर रात तीन मंजिला मकान में घुस गया और करीब डेढ़ से दो घंटे तक पूरे घर को खंगालता रहा। हैरानी की बात यह रही कि घर में मौजूद पति-पत्नी और उनके तीन बच्चों को चोरी की भनक तक नहीं लगी। यह घटना विजयनगर के सेक्टर-9 स्थित एफ ब्लॉक की है। बताया जा रहा है कि चोर मकान की तीसरी मंजिल से घर में दाखिल हुआ। उसने जाली वाले गेट को तोड़कर अंदर प्रवेश किया और इसके बाद एक-एक करके तीनों मंजिलों पर रखी अलमारियों, सेफ और लॉकरों की तलाशी ली।

चोर ने घर में रखी नकदी और सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए और सामान लेकर फरार हो गया। सुबह करीब 5:30 बजे जब परिवार के सदस्य उठे तो उन्हें घर का सामान बिखरा हुआ मिला। इसके बाद चोरी की जानकारी हुई। मकान मालिक दुष्यंत कुमार शर्मा ने घटना की सूचना पुलिस को दी। परिवार ने बताया कि चोरी के दौरान घर में सभी लोग मौजूद थे, लेकिन किसी की नींद नहीं खुली। परिवार को आशंका है कि चोर ने नींद से जुड़ा कोई स्प्रे इस्तेमाल किया होगा। हालांकि पुलिस ने अभी इसकी पुष्टि नहीं की है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

सूचना मिलने के बाद विजयनगर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने घर में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें चोर की गतिविधियां कैद हुई हैं। CCTV फुटेज में चोर चोरी का सामान एक बैग में भरकर ले जाते हुए दिखाई दे रहा है। फुटेज में वह मकान की बाउंड्री पर चढ़कर दूसरी तरफ कूदता नजर आ रहा है। पुलिस अब CCTV के आधार पर आरोपी की पहचान करने और उसके आने-जाने के रास्ते की जानकारी जुटा रही है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, इलाके में चोरी की घटनाओं को लेकर चिंता बढ़ रही है। इससे पहले भी 19 सितंबर की रात इसी क्षेत्र में एक मकान को चोरों ने निशाना बनाया था। उस वारदात में चोर करीब पांच लाख रुपये के जेवर और 75 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए थे। उस घटना में भी CCTV फुटेज सामने आया था। लगातार दो चोरी की घटनाओं के बाद सेक्टर-9 के लोगों ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता जताई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोनों मामलों की जांच की जा रही है और जल्द आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।


Source link

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button