हाईवे पर चल रहा था शराब का खेल, 86 लाख की शराब और बीयर जब्त
छापेमारी के दौरान पुलिस टीम को बड़ी मात्रा में अवैध शराब मिली। जांच में करीब 604 बॉक्स IMFL और बीयर बरामद किए गए। इनमें कुल 21,792 बोतलें शामिल थीं। पुलिस के मुताबिक, जब्त शराब की कीमत 86,63,712 रुपये बताई गई है। इसके अलावा पुलिस ने शराब परिवहन में इस्तेमाल किए गए वाहन और अन्य सामग्री को भी जब्त किया है। इनकी कीमत जोड़ने पर कुल जब्ती का मूल्य 1,10,91,012 रुपये पहुंच गया।
पुलिस ने इस मामले में आठ लोगों को आरोपी बनाया है। इनमें से एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि सात अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान राजस्थान के ब्यावर जिले के सोबियाना गांव निवासी दिलीप सिंह रावत के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, फरार आरोपियों में राजस्थान के राजसमंद जिले के जितेंद्र सिंह, ट्रक मालिक सुरेश और चंडीगढ़ निवासी जितेंद्र सिंह का एक सहयोगी शामिल है। इसके अलावा कुछ अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
जांच एजेंसी ने बताया कि शराब की खेप को लाने, पहुंचाने और ऑर्डर करने में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है। पुलिस ने उन अज्ञात व्यक्तियों को भी आरोपी बनाया है, जिन पर शराब लोड करने, परिवहन पर्ची पहुंचाने और राजकोट में खेप मंगाने में भूमिका होने का संदेह है। यह कार्रवाई गुजरात पुलिस महानिदेशक जीएस मलिक के निर्देश पर राज्य में अवैध शराब और जुआ गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई है।
मामले में एयरपोर्ट पुलिस स्टेशन में गुजरात निषेध अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस अब जब्त शराब के स्रोत और पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास जारी हैं।
Source link


