जांजगीर-चांपा में डबरी में मिला अज्ञात युवक का शव, हत्या की आशंका

Janjgir-Champa. जांजगीर-चांपा। जिले के चांपा थाना क्षेत्र अंतर्गत हनुमान धारा के पास एक डबरीनुमा स्थान से अज्ञात युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है। शव पानी में लगभग दो से तीन दिन पुराना बताया जा रहा है, जिसके कारण मृतक की पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है। पुलिस ने प्रथम दृष्टया हत्या की आशंका जताते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, घटना का पता तब चला जब वन विभाग के बीट गार्ड हनुमान धारा क्षेत्र में निरीक्षण के लिए पहुंचे। उन्होंने डबरी में पानी के अंदर एक शव देखा और तत्काल इसकी सूचना चांपा पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को बाहर निकाला गया। इसके बाद क्षेत्र को सुरक्षित कर प्रारंभिक जांच शुरू की गई।

पुलिस के अनुसार मृतक की उम्र लगभग 35 से 40 वर्ष के बीच अनुमानित की जा रही है। शव काफी पुराना होने के कारण चेहरा पहचान में नहीं आ रहा है। मृतक ने काले रंग के कपड़े पहने हुए थे, कमर में भूरे रंग की बेल्ट और गले में दुपट्टे जैसा कपड़ा भी पाया गया है। इन परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस को आशंका है कि युवक की हत्या कर शव को सुनसान स्थान पर फेंका गया हो सकता है। मौके पर मिले प्रारंभिक साक्ष्यों के आधार पर पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है। आसपास के क्षेत्र में पूछताछ की जा रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि घटना स्थल के आसपास किसी संदिग्ध गतिविधि या आवाजाही की जानकारी मिल सके।

इसके साथ ही पुलिस ने मृतक की पहचान सुनिश्चित करने के लिए आसपास के थानों और सीमावर्ती क्षेत्रों में फोटो भेजकर सूचना साझा की है। शव को पोस्टमार्टम के लिए बीडीएम अस्पताल भेजा गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। फिलहाल मामले को संदिग्ध मानते हुए जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है और लोग तरह-तरह की आशंकाएं जता रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही मृतक की पहचान कर मामले का खुलासा किया जाएगा और यदि हत्या की पुष्टि होती है तो दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Source link

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button