#Social

जानिए अब भारत को लेकर क्या बोले डोनाल्ड ट्रंप? VIDEO


वॉशिंगटन: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि उनकी टैरिफ नीति की वजह से भारत ने रूस से तेल खरीदना बंद कर दिया. अलास्का में रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ हुई मुलाकात के बाद उन्होंने यह बयान दिया. पुतिन के साथ उनकी बातचीत मुख्य रूप से यूक्रेन पर केंद्रित रही.
फॉक्स न्यूज को दिए एक इंटरव्यू में ट्रंप ने कहा कि रूस ने अपने तेल का एक बड़ा ग्राहक खो दिया है, और वो था भारत. ट्रंप के मुताबिक, भारत रूस के साथ करीब 40 प्रतिशत तेल व्यापार कर रहा था. उन्होंने कहा कि अगर वे अभी सेकेंडरी सैंक्शन लगाते हैं तो यह उनके लिए बेहद विनाशकारी साबित होता.
इससे पहले अलास्का में ट्रंप और पुतिन की मुलाकात हुई जिसके बाद दोनों ने एक जॉइंट प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित किया जो सिर्फ 12 मिनट चली. इस दौरान उन्होंने सिर्फ अपनी बात कही और प्रेस के किसी सवाल का जवाब नहीं दिया.
ट्रंप ने कहा कि फिलहाल उन्हें रूस पर और कड़े आर्थिक प्रतिबंध लगाने की जरूरत नहीं लगती क्योंकि बैठक अच्छी रही है. हालांकि उन्होंने कहा कि दो-तीन हफ्तों में हालात देखकर वे इस पर दोबारा विचार कर सकते हैं.
ट्रंप ने यह भी बताया कि पुतिन ने उनकी तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने कभी किसी को इतना काम इतनी जल्दी करते नहीं देखा. पुतिन के मुताबिक, अमेरिका इस समय ‘बहुत तेजी से आगे बढ़ रहा है’, जबकि एक साल पहले वह लगभग ‘खत्म-सा’ लग रहा था.
यूक्रेन युद्ध को लेकर ट्रंप ने कहा कि अब यह राष्ट्रपति वलोदिमीर जेलेंस्की पर निर्भर करता है कि वह समझौते की दिशा में क्या कदम उठाते हैं. उन्होंने बताया कि बैठक में कई मुद्दों पर सहमति बनी है, लेकिन एक बड़ा मुद्दा अब भी बाकी है. ट्रंप के शब्दों में, ‘कोई सौदा तब तक नहीं होता जब तक पूरा सौदा न हो.’ ट्रंप ने कहा कि पुतिन अब लोगों को मरते देखना नहीं चाहते और बस कुछ ही बिंदु हल होने बाकी हैं. उन्होंने संकेत दिया कि वे पुतिन से जल्द दोबारा मिल सकते हैं.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button