#Social
टापरी को मिली डेढ़ करोड़ की सौगात

Rikangpio. रिकांगपिओ। जनजातीय जिला किन्नौर के टापरी में एक करोड़ 50 लाख रुपए की राशि से निर्मित विपणन यार्ड के उन्नयन एवं बास्केटबॉल कोर्ट टापरी का उद्घाटन आज राजस्व, बागबानी, जनजातीय विकास एवं जन-शिकायत निवारण मंत्री जगत सिंह नेगी द्वारा किया गया। इस दौरान जनसभा को संबोधित करते हुए राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू किसानों एवं बागबानों के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं तथा किन्नौर में बागबानी को नए आयाम देने के लिए हर संभव सहायता प्रदान कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जिला किन्नौर में घर-द्वार के निकट विपणन यार्ड स्थापित किए जा रहे हैं ताकि लघु सीमांत किसानों एवं बागबानों को लाभ मिल सके और उनकी आय में वृद्धि हो सके। उन्होंने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार ने यूनिवर्सल कार्टन लागू कर बागबानों को राहत पहुंचाई है तथा न्यूनतम समर्थन मूल्य 12 रुपए घोषित किया गया है तथा पूर्व भाजपा सरकार की बागबानों के प्रति देनदारियों का भुगतान कर दिया
गया है।
इसके अतिरिक्त बाहरी देशों से आ रहे सेब पर आयात शुल्क बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं ताकि राज्य की अर्थव्यवस्था को बचाया जा सके और वैश्विक स्पर्धा के लिए किसानों-बागबानों को नवीनतम तकनीकों से अवगत करवाया जा रहा है। कैबिनेट मंत्री ने बताया कि पूर्व भाजपा सरकार 75 हजार करोड़ रुपए का बोझ विरासत में प्रदेशवासियों को छोडक़र गई थी तथा वर्तमान प्रदेश सरकार वित्तीय अनुशासन एवं नवीन पहल से राज्य की अर्थव्यवस्था को पटरी में लाने की दिशा में निरंतरता से आगे बढ़ रही है तथा प्रदेश को आत्मनिर्भर करने की दिशा में अहम कदम उठाए जा रहे हैं। इस अवसर पर कृषि विभाग द्वारा किसान मेले का भी आयोजन किया गया तथा विशेषकर महिला किसानों-बागबानों एवं पशुपालकों को राज्य सरकार की किसान हितैषी योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई और कृषि से संबंधित प्रचार.प्रसार सामग्री वितरित की गई।



