नशीली दवाइयों के अंतरराज्यीय कारोबार का खुलासा

बालोद। CG NEWS: छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में नशीली दवाइयों के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को पकड़ा है। आरोपियों के कब्जे से प्रतिबंधित नशीली दवा नाइट्रोसन-10 (Nitrosun-10) की 1,500 टैबलेट, नकदी, दोपहिया वाहन और मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, जब्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत 7 लाख 15 हजार रुपये है। मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, 27 अक्टूबर 2026 को थाना बालोद में पदस्थ निरीक्षक शिशुपाल सिन्हा को मुखबिर से सूचना मिली थी कि तांदुला नदी किनारे रामघाट मंदिर के पास कुछ लोग दोपहिया वाहनों में प्रतिबंधित नशीली दवाइयां रखकर उनकी बिक्री की तैयारी कर रहे हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया। इसके बाद थाना बालोद और ANTF की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर दबिश दी।

– Advertisement –

Ad image

तीन आरोपियों से 1,500 नशीली टैबलेट बरामद

पुलिस की कार्रवाई के दौरान मौके से नवीन चावला, आशीष निर्मलकर और किशन बहादुर उर्फ नेपाली को पकड़ा गया। तलाशी में उनके कब्जे से Nitrosun-10 (Nitrazepam Tablets IP) की कुल 1,500 टैबलेट बरामद हुईं। इनका वजन लगभग 870 ग्राम और अनुमानित कीमत 6 लाख रुपये बताई गई है।

– Advertisement –

Ad image

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने नशीली गोलियां ओडिशा के भुवनेश्वर से लाने की जानकारी दी। पुलिस अब मामले में आरोपियों की भूमिका और नशीली दवाइयों की आपूर्ति से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

मोटरसाइकिल, स्कूटी और नकदी भी जब्त

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने नशीली दवाइयों के अलावा 15 हजार रुपये नकद भी जब्त किए। जब्त वाहनों में हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल क्रमांक CG 05 AU 3540, जिसकी अनुमानित कीमत 30 हजार रुपये है, तथा एक्टिवा स्कूटी क्रमांक CG 24 W 3471, जिसकी कीमत करीब 50 हजार रुपये बताई गई है, शामिल हैं। इसके अलावा आरोपियों के मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, सभी जब्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत 7 लाख 15 हजार रुपये है।

NDPS एक्ट के तहत अपराध दर्ज

इस मामले में थाना बालोद में अपराध क्रमांक 0574/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट, 1985 की धारा 22(ग) में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है। पुलिस जब्त दवाइयों और आरोपियों की भूमिका से संबंधित तथ्यों की जांच कर रही है।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक किरण गंगाराम चव्हाण के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चन्द्रकांत गवर्ना और एसडीओपी बालोद विनय साहू के मार्गदर्शन में की गई। कार्रवाई में निरीक्षक शिशुपाल सिन्हा, साइबर सेल प्रभारी सहायक उप निरीक्षक धरम भूआर्य, आरक्षक बनवाली साहू, संजय सोनी, चुलेंद्र कुर्रे, विपिन गुप्ता, भोप सिंग साहू, राहुल, पूरन, मिथलेश, योगेश तथा ANTF टीम के सदस्यों की भूमिका रही।

बालोद पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि नशीली दवाइयों के अवैध कारोबार या अन्य संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। पुलिस ने लोगों से नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक रहने और युवाओं को नशे से दूर रखने में सहयोग करने की अपील भी की है।


Source link

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button