#Social

पति ने पत्नी का गला काटकर अपनी जिंदगी भी खत्म कर ली, शादी के 9 साल बाद भी संतान नहीं हुई थी


मुरादाबाद: उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में एक सनसनीखेज घटना से हड़कंप मच गया. मझोला थाना क्षेत्र के काशीराम पुलिस चौकी के अंतर्गत सोनकपुर ओवरब्रिज के पास जंगल में पति-पत्नी के शव मिलने से इलाके में दहशत फैल गई. पुलिस के अनुसार, पति ने पहले पत्नी की गला काटकर हत्या की और उसके बाद खुद के पेट में चाकू मारकर आत्महत्या कर ली. प्रारंभिक जांच में मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है.
मृतक पति की पहचान विनोद उर्फ विक्की और पत्नी की पहचान ममता के रूप में हुई है. दोनों सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के नया गांव, नवीन नगर के निवासी थे. बताया जा रहा है कि दोपहर करीब 2 बजे विनोद अपनी पत्नी को ससुराल होली मिलने जाने की बात कहकर घर से निकला था. लेकिन वह उसे ससुराल ले जाने के बजाय सोनकपुर ओवरब्रिज के पास जंगल में ले गया, जहां इस वारदात को अंजाम दिया. घटनास्थल से कुछ दूरी पर पुलिस को मृतक की बाइक भी बरामद हुई है. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
परिवार के अनुसार, शादी के 9 साल बाद भी दंपति को संतान नहीं हुई थी, जिसको लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था. मृतका के परिजनों का आरोप है कि विनोद दूसरी शादी करना चाहता था और इसी सिलसिले में बिहार भी गया था, लेकिन शादी नहीं हो पाई. मृतका ने अपनी मां को बताया था कि संतान न होने को लेकर पति अक्सर मारपीट करता था और दूसरी शादी की बात करता था. परिजनों का कहना है कि पत्नी ममता उसके इरादों के आड़े आ रही थी.
कुमार रणविजय सिंह, एसपी सिटी मुरादाबाद के मुताबिक, इंस्पेक्टर मझोला को काशीराम कॉलोनी के पास एक युवक शव और कुछ दूरी पर उसकी पत्नी का शव मिला था. जांच करने पर पता चला कि विनोद ने पहले अपनी पत्नी की गर्दन पर वार कर हत्या की, फिर खुद को भी चाकू मार लिया. दोनों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button