बाप रे! सिर्फ 10 रुपए के लिए चली तलवार, गन्ने का रस बेचने वाला कर्मचारी घायल

Delhi दिल्ली: दिल्ली से गुरुवार को एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है, जहां 10 रुपए को लेकर हुए विवाद के बाद तलवार से हमले की एक घटना सामने आई है। दरअसल, सुबह लगभग 10 बजकर 8 मिनट पर कमला मार्केट पुलिस स्टेशन को नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के अजमेरी गेट की तरफ गन्ने के रस की दुकान के पास तलवार से हमले और एम्बुलेंस की जरूरत के बारे में एक पीसीआर कॉल मिली।

पूछताछ करने पर पता चला कि नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के बाहरी गेट के पास गन्ने के रस की दुकान पर झगड़ा हुआ था। झगड़े के दौरान, दुकान के एक कर्मचारी, जिसकी उम्र 35 वर्ष है, के बाएं हाथ में कलाई के ठीक ऊपर तलवार से गहरा घाव हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही पीसीआर स्टाफ तत्काल मौके पर पहुंचा और पीड़ित को एलएनजेपी अस्पताल पहुंचाया। इस घटना में शामिल दो लोगों को वहां मौजूद लोगों ने पकड़ लिया, जिनकी पहचान गगनदीप सिंह (उम्र 21 वर्ष) और बलजीत सिंह (उम्र 30 वर्ष) के रूप में हुई है। यह दोनों आपस में भाई हैं और पंजाब के जालंधर के रहने वाले हैं। दोनों के पास तलवारें थीं।

पूछताछ में पता चला कि दोनों भाई ट्रेन से अमृतसर से दिल्ली आए थे और रात भर गुरुद्वारा शीशगंज साहिब में रुके थे। दोनों धार्मिक यात्रा के लिए महाराष्ट्र के नांदेड़ जाने वाली ट्रेन पकड़ने नई दिल्ली रेलवे स्टेशन आए थे। दोनों लोगों ने दुकान से गन्ने का रस लिया था। दो गिलास रस के 60 रुपए के भुगतान को लेकर विवाद हुआ, क्योंकि वे 50 रुपए ही देना चाहते थे। बहस झगड़े में बदल गई, जिसके दौरान गगनदीप सिंह ने कथित तौर पर पीड़ित पर तलवार से हमला किया, जिससे उसके बाएं हाथ में गहरा घाव हो गया।

पीड़ित की एलएनजेपी अस्पताल में मेडिकल जांच की गई। डॉक्टर ने शुरुआती तौर पर चोट की गंभीरता को देखते हुए घायल को निगरानी में रखा है। वहीं, पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया है और पीड़ित के बयान के आधार पर उचित कानूनी कार्रवाई की जा रही है। वहीं, पुलिस की ओर से मामले की संबंधित आगे की जांच चल रही है।


Source link

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button