बारिश बनी मुसीबत: गरियाबंद के खोलापारा नाले में 6 घंटे तक फंसे रहे 50 से अधिक पर्यटक, बाल-बाल बची बाइक सवार की जान

गिरीश गुप्ता गरियाबंद। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण मंगलवार को बड़ा हादसा टल गया। उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व क्षेत्र के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल खोलापारा नाला में अचानक पानी का बहाव तेज हो गया, जिससे 50 से अधिक पर्यटक और राहगीर करीब छह घंटे तक फंस गए। देर शाम पानी का स्तर कम होने के बाद सभी को सुरक्षित बाहर निकाला गया।

खोलापारा नाला गरियाबंद जिले के मैनपुर विकासखंड के आमामोरा मार्ग पर स्थित है। बारिश के मौसम में यहां बड़ी संख्या में पर्यटक प्राकृतिक सौंदर्य और जलप्रपात देखने पहुंचते हैं। मंगलवार को क्षेत्र में हुई तेज बारिश के चलते नाले का जलस्तर अचानक बढ़ गया, जिससे दोनों ओर से आवागमन पूरी तरह बंद हो गया।

बाइक सवार बहने से बचा

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक युवक बाइक लेकर नाला पार करने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान तेज बहाव में बाइक असंतुलित हो गई और युवक बहने लगा। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत साहस दिखाते हुए उसे पकड़ लिया और सुरक्षित बाहर निकाल लिया। घटना के बाद वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।

छह घंटे तक फंसे रहे पर्यटक

अचानक बढ़े जलस्तर के कारण नाले के दोनों ओर 50 से अधिक पर्यटक, स्थानीय ग्रामीण और अन्य राहगीर फंस गए। प्रशासन और स्थानीय लोगों ने लोगों से पानी कम होने तक इंतजार करने की अपील की। देर शाम जलस्तर घटने के बाद सभी को सुरक्षित निकाला गया।

हर साल बनती है ऐसी स्थिति

स्थानीय लोगों का कहना है कि मानसून के दौरान खोलापारा नाला हर साल उफान पर आ जाता है। इसके बावजूद कई लोग जोखिम उठाकर नाला पार करने की कोशिश करते हैं, जिससे हादसों की आशंका बनी रहती है। ग्रामीणों ने यहां स्थायी पुल निर्माण की मांग दोहराई है ताकि बारिश के मौसम में आवागमन सुरक्षित बना रहे।

प्रशासन की अपील

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बारिश के दौरान उफनते नालों और पुल-पुलियों को पार करने की कोशिश न करें। मौसम खराब होने की स्थिति में पर्यटन स्थलों पर जाने से बचें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।


Source link

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button