#Social
बिलासपुर के पांच हजार युवा कौशल विकास भत्ते के इंतजार में

बिलासपुर। प्रदेश सरकार की ओर से चलाई गई कौशल विकास भत्ता योजना के तहत युवाओं को पिछले करीब नौ माह से भत्ते की अदायगी नहीं हो पा रही है। जिला बिलासपुर के करीब 5000 युवा अपने कौशल विकास भत्ते का इंतजार कर रहे हैं, लेकिन इन युवाओं का इंतजार खत्म नहीं हो पा रहा है। लाखों रुपए की राशि का भुगतान नहीं हो पा रहा है। पात्र युवा इंतजार में है। हालांकि इन युवाओं की ओर से संबधित विभाग, सरकार, प्रशासन के समक्ष भी अपना पक्ष रखा है। लेकिन इसके बावजूद भी अभी तक कोई भी साकारात्मक परिणाम सामने नहीं आए हैं, जिसके चलते युवाओं को भी कई परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जिला बिलासपुर में कई संस्थानों के माध्यम से युवा कौशल विकास भत्ते से संबधित कोर्स कर रहे हैं, लेकिन इन युवाओं को वर्तमान में कौशल विकास भत्ता ही नहीं मिल पा रहा है। हालांकि यह युवा अपने कौशल विकास भत्ते की अदायगी को लेकर इधर-उधर भटक रहे हैं, लेकिन उन्हें कोई लाभ नहीं मिल पा रहा है।
बताया जा रहा है कि वर्तमान में विभिन्न संस्थानों में कौशल विकास भत्ते से संबधित कोर्स या फिर अन्य विषयों की पढ़ाई युवाओं को अपने स्तर पर ही करनी पड़ रही है, जबकि सरकार की कौशल विकास भत्ते का लाभ युवाओं को मिलता था। लेकिन अब उन्हें यह लाभ नहीं मिल पा रहा है। बताया जा रहा है कि कौशल विकास भत्ते को लेेकर विभिन्न संस्थान भी सरकार के समक्ष अपना पक्ष रख चुके हैं। इन संस्थानों को वर्तमान में अपने कर्मियों के मानदेय की अदायगी करना भी मुश्किल भरा हो चुका है। जिसके चलते इन संस्थानों में कोर्स करने वाले युवाओं के साथ ही संस्थान के संचालक की परेशानी झेल रहे हैं। जिसके चलते प्रदेश सरकार, प्रशासन, संबधित विभाग को इस ओर उचित कदम उठाने चाहिए। अन्यथा युवाओं को योजना का लाभ नहीं मिल पाएगा। बहरहाल, इस मसले को लेकर विभागीय उच्च अधिकारियों को अवगत करवाया गया है, ताकि इस समस्या का स्थायी समाधान हो सके। लेकिन बिना कौशल विकास भत्ते के अपने कोर्स व पढ़ाई को आगे बढ़ाने वाले युवाओं को इंतजार ही करना पड़ेगा।




