ब्लैक राइस के अंतरराष्ट्रीय व्यापार के नाम

महासमुंद। CG CYBER FRAUD: महासमुंद पुलिस को साइबर ठगी के एक बड़े मामले में अहम सफलता मिली है। करीब चार साल से फरार चल रहे आरोपी आकाश शर्मा, निवासी नई दिल्ली, को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मामला ब्लैक राइस यानी काले चावल के अंतरराष्ट्रीय व्यापार के नाम पर करीब 28 लाख 47 हजार 600 रुपये की साइबर ठगी से जुड़ा है।
महासमुंद थाना में वर्ष 2022 में दर्ज अपराध क्रमांक 362/2022 के तहत धारा 420, 419, 120-बी, 34 भारतीय दंड संहिता एवं 66-डी आईटी एक्ट के मामले में यह कार्रवाई की गई है। इस प्रकरण में एक अन्य आरोपी अंकित तोमर को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है, जबकि मुख्य आरोपी विवेक तोमर अब भी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।

जांच में सामने आया कि आरोपियों ने ऑनलाइन ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म के माध्यम से महासमुंद स्थित सेन एंड सेन ऑर्गेनिक फर्म से संपर्क किया और खुद को एक प्रतिष्ठित ट्रेडिंग कंपनी का कर्मचारी बताकर विश्वास हासिल किया। इसके बाद अंतरराष्ट्रीय व्यापार दिलाने, विदेशी खरीदार उपलब्ध कराने तथा ईजीसी, एनओसी और ग्लोबल ट्रेड सर्टिफिकेट जैसे दस्तावेज बनवाने के नाम पर अलग-अलग बैंक खातों में लाखों रुपये जमा कराए।
पुलिस जांच में व्हाट्सएप के जरिए भेजे गए सभी ट्रेडिंग एवं प्रमाणन संबंधी दस्तावेज पूरी तरह फर्जी पाए गए। आरोपियों ने इस तरह फर्म से कुल 28 लाख 47 हजार 600 रुपये विभिन्न बैंक खातों में ट्रांसफर कराकर आर्थिक नुकसान पहुंचाया।
गिरफ्तार आरोपी आकाश शर्मा ने पूछताछ में स्वीकार किया कि उसके बैंक खाते का उपयोग ठगी की रकम प्राप्त करने और उसे अन्य आरोपियों के खातों में ट्रांसफर करने के लिए किया गया था। फिलहाल महासमुंद पुलिस मामले के मुख्य आरोपी विवेक तोमर की तलाश में जुटी है और पूरे साइबर ठगी नेटवर्क की जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
Source link



